Bihar Crime: बिहार में आधी रात धांय-धांय, ATM लूटने पहुंचे हथियारबंद अपराधी, पुलिस को देखते ही मची भगदड़

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में आधी रात ATM लूटने पहुंचे अपराधियों ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। शातिर बदमाश स्कॉर्पियो से पहुंचे और SBI के ATM को निशाना बनाने की कोशिश करने लगे।

ATM लूटने पहुंचे हथियारबंद अपराधी- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में आधी रात ATM लूटने पहुंचे अपराधियों ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। शातिर बदमाश स्कॉर्पियो से पहुंचे और SBI के ATM को निशाना बनाने की कोशिश करने लगे। लेकिन इससे पहले कि अपराधी अपने खौफनाक मंसूबों में कामयाब होते, पुलिस की एंट्री हो गई। पुलिस को सामने देखते ही बदमाशों में भगदड़ मच गई और वे अपनी स्कॉर्पियो में सवार होकर फरार होने लगे। अपराधियों को दबोचने के लिए पुलिस ने गोली भी चलाई, लेकिन बदमाश पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी से ATM लूट की बड़ी वारदात टल गई।

दरअसल, पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के डुमरी चौक के समीप का है। यहां स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के ATM को देर रात अपराधियों ने अपना निशाना बनाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि सदर थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी स्कॉर्पियो से पहुंचकर ATM लूटने की वारदात को अंजाम दे रहे हैं।

सूचना मिलते ही सदर थाना अध्यक्ष ने बिना देर किए पुलिस टीम के साथ मौके पर धावा बोल दिया। अचानक पुलिस को सामने देखकर अपराधियों के होश उड़ गए। बदमाश ATM छोड़कर अपनी स्कॉर्पियो में सवार हुए और तेज रफ्तार से भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और उन्हें रोकने के लिए गोली चलाई। बावजूद इसके अपराधी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सके और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।इस पूरी वारदात में सबसे राहत की बात यह रही कि अपराधी ATM को लूटने में कामयाब नहीं हो सके। पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने बैंक की संपत्ति को नुकसान पहुंचने से बचा लिया।

मामले को लेकर सदर थाना अध्यक्ष ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम डुमरी स्थित SBI ATM पहुंची थी। पुलिस को देखते ही अपराधी स्कॉर्पियो से भागने लगे। उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की ओर से गोली चलाई गई, लेकिन वे फरार हो गए।फिलहाल इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और ATM की निगरानी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस फरार अपराधियों की तलाश में जुटी है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा