Bihar Crime: बच्चे की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप,मां पर लगा मासूम की जान लेने का आरोप

Bihar Crime: बिस्कुट में जहरीला पदार्थ मिलाकर ढाई साल के मासूम को खिलाने का मामला सामने आया है....

ढाई साल के मासूम की मौत पर सवाल- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर जिले के रामपुर हरि थाना क्षेत्र के टेंगरांहा उत्तरी टोला से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां ढाई साल के मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसकी मां पर ही हत्या का गंभीर इल्जाम लगाया गया है। परिजनों का आरोप है कि महिला ने कथित तौर पर बिस्कुट में जहरीला पदार्थ मिलाकर अपने बेटे को खिला दिया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ी और मासूम ने दम तोड़ दिया। वारदात की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी मच गई।

मृतक बच्चे की पहचान टेंगरांहा उत्तर टोला निवासी अखिलेश राम के ढाई वर्षीय बेटे आर्यन कुमार के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि बच्चे का पिता पंजाब में रहकर मजदूरी करता है और फिलहाल वहीं मौजूद है। परिवार में दो बच्चे हैं, जिनमें आर्यन बड़ा बेटा था। इस दर्दनाक घटना ने परिवार को सदमे में डाल दिया है।

मृतक के दादा कैलाश राम के मुताबिक, करीब सात साल पहले उनके बेटे अखिलेश राम की शादी आरती कुमारी से हुई थी। शुरुआती दौर में परिवार में सब कुछ सामान्य था, लेकिन बाद में पति-पत्नी के बीच विवाद रहने लगा। परिजनों का दावा है कि महिला कई बार बिना बताए मायके चली जाती थी।बताया गया कि करीब 15 दिन पहले आरती मायके गई थी और बुधवार शाम ही ससुराल लौटी थी। गुरुवार दोपहर जब बच्चे के दादा-दादी मजदूरी के सिलसिले में घर से बाहर गए थे, उसी दौरान बच्चे की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई। परिजनों ने आरोप लगाया कि इसी दौरान मासूम को कथित तौर पर जहरीला पदार्थ मिला बिस्कुट खिलाया गया।बच्चे की हालत बिगड़ने की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

घटना की सूचना मिलते ही रामपुर हरि थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। मामला संदिग्ध होने के कारण पुलिस ने आरोपी बताई जा रही मां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि बच्चे की मौत की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब यानी FSL की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए SKMCH भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के नतीजे इस मामले की गुत्थी सुलझाने में अहम कड़ी साबित हो सकते हैं।

रामपुर हरि थानाध्यक्ष अंजली कुमारी ने बताया कि एक बच्चे की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हुई है। पुलिस ने बच्चे की मां को हिरासत में लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि मासूम आर्यन की मौत आखिर किन परिस्थितियों में हुई? क्या सचमुच उसे जहरीला पदार्थ दिया गया था या मौत के पीछे कोई दूसरी वजह थी? पुलिस जांच, FSL रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इस सनसनीखेज मामले का पूरा सच सामने आएगा

रिपोर्ट-मणिभूषण शर्मा