Bihar cyber fraud: साइबर ठगों का तांडव! JDU नेता का मोबाइल हैक, पलक झपकते उड़ाए 92 हजार, रेड अलर्ट के बाद ब्लैक स्क्रीन का खेल
Bihar cyber fraud: साइबर अपराधियों का नेटवर्क लगातार सक्रिय होता जा रहा है और अब इनके निशाने पर आम लोग ही नहीं...
Bihar cyber fraud: साइबर अपराधियों का नेटवर्क लगातार सक्रिय होता जा रहा है और अब इनके निशाने पर आम लोग ही नहीं, बल्कि राजनीतिक चेहरे भी आ रहे हैं। ताजा मामला मुजफ्फरपुर के औराई प्रखंड से सामने आया है, जहां जदयू नेता के मोबाइल को हैक कर साइबर ठगों ने 92 हजार रुपये की ठगी को अंजाम दे दिया।
जानकारी के मुताबिक, बसंत पंचायत के मिर्जापुर गांव निवासी जदयू नेता मोहम्मद वसीम ने स्थानीय थाना और साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शनिवार की शाम अचानक उनके मोबाइल पर ‘रेड अलर्ट’ का मैसेज आया और देखते ही देखते स्क्रीन ब्लैक हो गई। कुछ देर बाद मोबाइल अपने आप चालू तो हुआ, लेकिन तब तक पूरा सिस्टम साफ हो चुका था सभी ऐप्स और सॉफ्टवेयर गायब थे, मानो मोबाइल को रिमोट से फॉर्मेट कर दिया गया हो।
पीड़ित ने जब अपने बैंक खाते की जांच की, तो होश उड़ गए। खाते से 92 हजार रुपये निकालकर ‘मीना देवी’ नामक खाते में ट्रांसफर कर दिए गए थे। इस डिजिटल वारदात ने एक बार फिर साइबर सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और थाने में लिखित आवेदन देकर रकम की रिकवरी की गुहार लगाई है। पुलिस अब इस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है और ट्रांजेक्शन के सुराग खंगाले जा रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के रेड अलर्ट और स्क्रीन ब्लैक होने की घटनाएं अक्सर मैलवेयर या फिशिंग अटैक का हिस्सा होती हैं, जिसमें यूजर का पूरा डेटा और कंट्रोल हैकर्स के हाथ में चला जाता है। फिलहाल पुलिस साइबर ठगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर चुकी है, लेकिन इस घटना ने साफ कर दिया है कि डिजिटल दुनिया में जरा सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा