Bihar Crime: दहेज के बचे पैसे नहीं मिले तो बारात लेकर भागने लगे बाराती, परिजनों ने दूल्हे और बहनोई को बनाया बंधक

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर शादी छोड़कर बारात लौटने का मामला सामने आया है। ...

दहेज के बचे पैसे नहीं मिले तो बारात लेकर भागने लगे बाराती- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर शादी छोड़कर बारात लौटने का मामला सामने आया है। लड़की पक्ष की ओर से दहेज के बकाया रुपये देने में असमर्थता जताने पर लड़के के पिता नाराज हो गए। इसके बाद दरवाजे पर पहुंची बारात बिना शादी किए ही लौटने लगी। हालांकि, लड़की के परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दूल्हे और उसके बहनोई को रोक लिया और दोनों को बंधक बना लिया। मामला थाने तक पहुंचा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कई घंटे की मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को समझाकर शादी संपन्न कराई।

पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र की रामपुर कृष्णा पंचायत के हरपुर कृष्णा गांव का है। यहां के निवासी विनोद पासवान की बेटी रूपा कुमारी की शादी रविवार को होनी थी। शादी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। तय कार्यक्रम के मुताबिक पीयर थाना क्षेत्र के रामपुर दयाल गांव से बारात भी पहुंच गई। दरवाजे पर बारातियों का स्वागत हुआ और शादी की रस्में शुरू होने की तैयारी थी।

इसी बीच लड़के के पिता ने दहेज के बचे हुए रुपये की मांग कर दी। लड़की पक्ष ने आर्थिक असमर्थता जताते हुए तत्काल रकम देने में असमर्थता जाहिर की। इससे नाराज होकर लड़के पक्ष के लोग शादी किए बिना ही बारात लेकर लौटने लगे। अचानक हुए इस घटनाक्रम से लड़की के घर में अफरा-तफरी मच गई। शादी की खुशियां तनाव में बदल गईं।

बारात को वापस जाता देख लड़की के परिजनों और स्थानीय लोगों ने दूल्हे और उसके बहनोई को रोक लिया। दोनों को बंधक बना लिया गया। इसके बाद पूरे मामले की सूचना सकरा थाना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत शुरू की।

पुलिस ने कई घंटों तक समझाने-बुझाने की कोशिश की। काफी देर तक चले विवाद और बातचीत के बाद आखिरकार दोनों पक्ष शादी के लिए तैयार हुए। इसके बाद रूपा कुमारी की शादी संपन्न कराई गई।

इस घटना ने एक बार फिर दहेज प्रथा की कड़वी हकीकत को सामने ला दिया है। जिस घर में बेटी की विदाई की तैयारियां चल रही थीं, वहां दहेज की रकम को लेकर शादी टूटने की नौबत आ गई। फिलहाल इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा