Bihar Crime: बारात में शराब और हुड़दंग पड़ा भारी, शहनाइयों के बीच पुलिस की दबिश, दो बाराती पहुंचे हवालात

Bihar Crime: खुशियों की महफिल में शराब और हुड़दंग ने ऐसा रंग जमाया कि सीधे सलाखों के पीछे पहुंचना पड़ा। शहनाइयों की गूंज और बारात की रौनक के बीच अचानक पुलिस की एंट्री ने पूरे माहौल को सन्नाटे में बदल दिया।

बारात में शराब और हुड़दंग- फोटो : reporter

Bihar Crime:मुजफ्फरपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां खुशियों की महफिल में शराब और हुड़दंग ने ऐसा रंग जमाया कि सीधे सलाखों के पीछे पहुंचना पड़ा। शहनाइयों की गूंज और बारात की रौनक के बीच अचानक पुलिस की एंट्री ने पूरे माहौल को सन्नाटे में बदल दिया। मामला हथौड़ी थाना क्षेत्र के साहिलारामपुर गांव का है, जहां औराई थाना क्षेत्र के अतरार गांव से बारात बड़े ही धूमधाम से पहुंची थी। दरवाजा लगने से पहले डीजे की धुन पर बाराती झूम रहे थे, कुछ युवक डांस के नाम पर हुड़दंग मचा रहे थे। लड़की पक्ष के दरवाजे पर मेहमानों के इस्तकबाल की तैयारियां चल रही थीं, शहनाइयां बज रही थीं, हर तरफ जश्न का माहौल था।

इसी दौरान पुलिस को गुप्त खबर मिली कि बारात में कुछ लोग शराब के नशे में धुत होकर बवाल काट रहे हैं। सूचना मिलते ही हथौड़ी थाना की पुलिस बिना देर किए मौके पर पहुंच गई। पुलिस की अचानक एंट्री से बारातियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

तलाशी के दौरान दो युवक नशे में चूर पाए गए। जब उनकी जांच की गई तो उनके पास से शराब की बोतलें भी बरामद हुईं। इसके बाद पुलिस ने बिना किसी ढील के दोनों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान औराई थाना क्षेत्र के अतरार निवासी गोविंद महतो और पिंकू कुमार के रूप में हुई है। दोनों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

इस कार्रवाई के बाद बारात में जैसे सन्नाटा पसर गया। जो माहौल कुछ देर पहले तक जश्न में डूबा था, वो अचानक खामोशी में तब्दील हो गया। पुलिस का साफ संदेश है शादी-ब्याह में कानून तोड़ने वालों के लिए कोई रियायत नहीं। यह घटना एक नसीहत है कि खुशी के मौके पर जरा सी लापरवाही आपको सीधे हवालात तक पहुंचा सकती है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा