Bihar Crime News: पूर्व विधायक के करीबी का कत्ल , बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ बरसाई गोलियां, इलाके में खौफ

Bihar Crime News: बेखौफ बदमाशों ने सरेआम खून की होली खेलते हुए एक शख्स को गोलियों से छलनी कर दिया। इस सनसनीखेज मर्डर से इलाके में दहशत और खौफ का माहौल कायम हो गया है।

पूर्व विधायक के करीबी का कत्ल- फोटो : reporter

Bihar Crime News: बिहार में  बेखौफ बदमाशों ने सरेआम खून की होली खेलते हुए एक शख्स को गोलियों से छलनी कर दिया। इस सनसनीखेज मर्डर से इलाके में दहशत और खौफ का माहौल कायम हो गया है। मरने वाले शख्स की पहचान हरिशंकर सिंह के रूप में हुई है, जो औराई के पूर्व बीजेपी विधायक रामसूरत राय के करीबी बताए जा रहे हैं।

वारदात मुजफ्फरपुर जिले के गरहा थाना इलाके के मुरादपुर भरत गांव की है। बताया जा रहा है कि हरिशंकर सिंह अपने गेहूं के खेत से काम निपटाकर घर लौट रहे थे। तभी घर से महज कुछ ही दूरी पर, मुरादपुर भरत स्कूल के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की गूंज से पूरा इलाका थर्रा उठा। इस ‘खूनी हमले’ में हरिशंकर सिंह को दो गोलियां लगीं, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों में चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया। आनन-फानन में स्थानीय लोग घायल को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर, इत्तला मिलते ही गरहा थाना पुलिस, एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा और एफएसएल टीम मौके पर पहुंच गई और तफ्तीश शुरू कर दी। जांच के दौरान घटनास्थल से दो खोखा बरामद किए गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली वारदात नहीं है। इससे पहले भी हरिशंकर सिंह पर जानलेवा हमला हो चुका था, जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे। उस मामले में पुलिस ने तीन मुल्जिमों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन अब वही आरोपी जमानत पर बाहर हैं। ऐसे में इस कत्ल के पीछे पुरानी अदावत और साजिश की बू साफ महसूस की जा रही है।

सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। इस खौफनाक मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने के लिए छानबीन तेज कर दी गई है। फिलहाल, इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बरकरार है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा