मुजफ्फरपुर में जमीन रजिस्ट्री के नाम पर 12 करोड़ का खेल, 34 कट्ठा का एग्रीमेंट, सिर्फ 9 कट्ठा जमीन की रजिस्ट्री, तीन आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में जमीन की खरीद-बिक्री और रजिस्ट्री के नाम पर कथित बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है।...

जमीन रजिस्ट्री के नाम पर 12 करोड़ का खेल- फोटो : reporter

Bihar Crime:  मुजफ्फरपुर में जमीन की खरीद-बिक्री और रजिस्ट्री के नाम पर कथित बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। 34 कट्ठा जमीन बेचने का एग्रीमेंट, करोड़ों रुपये का भुगतान और बदले में महज 9 कट्ठा जमीन की रजिस्ट्री आरोप है कि जमीन कारोबारी से 12.45 करोड़ रुपये लेने के बाद करीब 7.05 करोड़ रुपये की रकम और जमीन दोनों अटका दिए गए। मामले को लेकर कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र के रतवारा निवासी राकेश कुमार ने काजी मोहम्मदपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी घनश्याम पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

34 कट्ठा जमीन का सौदा, 12.45 करोड़ का भुगतान

प्राथमिकी के मुताबिक राकेश कुमार जमीन का कारोबार करते हैं। इसी क्रम में काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के सदपुरा निवासी विजय कुमार सिंह और उनकी पत्नी अर्चना सिंह तथा बोचहां थाना क्षेत्र के जय घनश्याम पटेल और उनकी पत्नी बेबी पटेल के साथ मझौली धर्मदास थाना संख्या 284 के खाता संख्या 69 और 126 के विभिन्न खेसरा नंबरों में दर्ज करीब 34 कट्ठा जमीन की बिक्री को लेकर एग्रीमेंट हुआ था।

आरोप है कि जमीन खरीदने वाली पार्टी से प्राप्त रकम में से राकेश कुमार ने 21 जनवरी 2022 से 10 अप्रैल 2026 के बीच आरोपितों को नकद और बैंक खातों के माध्यम से कुल 12 करोड़ 45 लाख रुपये का भुगतान किया।लेकिन इतने बड़े भुगतान के बावजूद आरोपितों की ओर से अब तक सिर्फ 9 कट्ठा जमीन की रजिस्ट्री कराई गई। प्राथमिकी में इस जमीन की कीमत करीब 5 करोड़ 40 लाख रुपये बताई गई है।यानी शिकायतकर्ता के अनुसार करीब 7 करोड़ 5 लाख रुपये की रकम अब भी आरोपितों के पास बकाया है।

न जमीन की रजिस्ट्री, न रकम की वापसी

राकेश कुमार का आरोप है कि लंबे समय से आरोपित न तो शेष जमीन की रजिस्ट्री कर रहे हैं और न ही बकाया रकम वापस कर रहे हैं। इधर, जमीन खरीदने वाली पार्टी ने राकेश कुमार पर अपनी रकम वापस करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया है।ऐसे में जमीन कारोबारी खुद भी आर्थिक और कानूनी पेंच में फंसते नजर आ रहे हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एक आरोपी गिरफ्तार, तीन अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घनश्याम पटेल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मुख्य आरोपी बताए जा रहे विजय कुमार सिंह का साला है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।वहीं मामले में नामजद तीन अन्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

करोड़ों के जमीन सौदे ने खड़े किए कई सवाल

34 कट्ठा जमीन के सौदे में करोड़ों रुपये के लेन-देन और महज 9 कट्ठा जमीन की रजिस्ट्री के आरोप ने मुजफ्फरपुर में जमीन कारोबार की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पूरे मामले में आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया में स्पष्ट होगी।फिलहाल एक आरोपी जेल पहुंच चुका है, तीन की तलाश जारी है और करोड़ों रुपये के इस कथित जमीन फर्जीवाड़े की जांच पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा