Bihar crime:आर्मी का स्टीकर लगी लग्जरी कार से शराब की बड़ी खेप बरामद, तस्कर फरार

आर्मी का स्टीकर लगी लग्जरी कार से शराब की बड़ी खेप बरामद, तस्कर फरार

आर्मी का स्टीकर लगी लग्जरी कार से शराब की बड़ी खेप बरामद- फोटो : Reporter

Bihar crime:मुजफ्फरपुर जिले में शराब तस्करों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक ताजा बानगी बेला इंडस्ट्रियल एरिया में देखने को मिली है। यहां तस्कर पुलिस और उत्पाद विभाग की आंखों में धूल झोंकने के लिए एक लग्जरी गाड़ी पर 'आर्मी' का स्टीकर लगाकर अवैध शराब की सप्लाई कर रहे थे। हालांकि, उत्पाद विभाग की मुस्तैदी के आगे तस्करों की यह चालाकी नाकाम हो गई और विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए शराब लदी उस लग्जरी कार को जब्त कर लिया। हालांकि, कार्रवाई की भनक लगते ही मौके पर मौजूद शराब कारोबारी गाड़ी को लॉक कर फरार होने में कामयाब रहा।

इस पूरी कार्रवाई की तफसील देते हुए उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार ने बताया कि विभाग को एक गुप्त इत्तला मिली थी कि बेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इंडस्ट्रियल एरिया के द्वारिकापुरी इलाके में एक अर्ध-निर्मित मकान के पास शराब की एक बड़ी खेप पहुंची है। मुखबिर से यह भी जानकारी मिली थी कि शराब की ढुलाई के लिए इस्तेमाल की जा रही लग्जरी कार पर 'आर्मी' का स्टीकर चिपकाया गया है, ताकि रास्ते में सुरक्षाबलों और चेकिंग टीम को गुमराह किया जा सके।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए उत्पाद विभाग ने फौरन हरकत में आते हुए एएसआई राजकुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया और बताए गए ठिकाने पर दबिश दी। जब टीम द्वारिकापुरी स्थित उस अर्ध-निर्मित मकान के समीप पहुंची, तो वहां एक संदिग्ध लग्जरी कार खड़ी मिली, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर 22BH0733D है और उसके शीशे पर स्पष्ट रूप से 'आर्मी' लिखा हुआ था। उत्पाद टीम को अपनी ओर आता देख शराब कारोबारी हड़बड़ा गया और कार को वहीं लॉक कर मौके से रफूचक्कर हो गया।

जब उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने कार की गहन तलाशी ली, तो अंदर का नजारा देख वे दंग रह गए। गाड़ी के भीतर चंडीगढ़ निर्मित विदेशी शराब की भारी मात्रा छिपाकर रखी गई थी। टीम ने तुरंत शराब समेत उस लग्जरी वाहन को अपने कब्जे में ले लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उसे उत्पाद थाने लाया गया।

फिलहाल, उत्पाद विभाग की टीम जब्त की गई गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर इसके असली मालिक की शिनाख्त करने में जुट गई है। इसके साथ ही इस बात की भी तफ्तीश की जा रही है कि गाड़ी पर लगा आर्मी का स्टीकर असली है या तस्करों ने महज कानूनी शिकंजे से बचने के लिए इसका फर्जी इस्तेमाल किया है। अधिकारियों का दावा है कि सुराग हाथ लग चुके हैं और जल्द ही फरार शराब कारोबारी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

रिपोर्ट- manibhusan sharma