Bihar politics:​मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बगल में खड़े होने से स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को रोका, सुरक्षाकर्मियों का वीडियो वायरल होने से सियासी गलियारों में हलचल तेज

​मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बगल में खड़े होने से स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को रोका, सुरक्षाकर्मियों का वीडियो वायरल होने से सियासी गलियारों में हलचल तेज

Bihar politics:​मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बगल में खड़े होन
सियासी गलियारों में हलचल तेज- फोटो : Reporter




Bihar  politics:बिहार की सियासत में इन दिनों मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। इस वायरल वीडियो में सूबे के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ मौजूद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को कथित तौर पर उनके बगल में खड़े होने से रोके जाने का वाकया साफ दिखाई दे रहा है। यह मामला इसलिए भी बेहद खास और सुर्खियों में है क्योंकि निशांत कुमार पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुपुत्र हैं और मौजूदा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री जैसे अहम ओहदे पर आसीन हैं।

दरअसल, यह पूरा घटनाक्रम आगामी 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होने वाले कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल के उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों से जुड़ा हुआ है। प्रधानमंत्री के इस प्रस्तावित दौरे से पूर्व मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कार्यक्रम स्थल का मुआयना करने और प्रशासनिक इंतजामों का जायजा लेने पहुंचे थे। इस आधिकारिक दौरे के दौरान मुख्यमंत्री के साथ स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी मौके पर मौजूद थे।

प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल हो रहे फुटेज के मुताबिक, निरीक्षण के दौरान जब निशांत कुमार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के ठीक बगल में आकर खड़े हुए, तभी मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए उन्हें वहां खड़े होने से रोक दिया। सुरक्षाकर्मियों के इस रवैये का पूरा मंजर वहां मौजूद किसी शख्स के कैमरे में कैद हो गया, जो अब इंटरनेट पर आग की तरह फैल रहा है।

वीडियो के सार्वजनिक होने के बाद से ही सूबे की राजनीति में तमाम तरह के सवाल उठने लगे हैं और कयासों का दौर शुरू हो गया है। राजनीतिक विश्लेषक और आम लोग यह जानने को उत्सुक हैं कि आखिर मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात जवानों ने एक कैबिनेट मंत्री, विशेषकर पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे को सीएम के बगल में खड़े होने से क्यों रोका? क्या यह महज सख्त सुरक्षा प्रोटोकॉल और घेरे के नियमों की पाबंदी का मामला था, या फिर इस घटना के पीछे कोई और सियासी या प्रशासनिक वजह छिपी हुई है।

फिलहाल इस पूरे संवेदनशील मामले पर सरकार, मुख्यमंत्री कार्यालय या सुरक्षा एजेंसी की तरफ से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आई है। हालांकि, आधिकारिक बयान के अभाव में मुख्यमंत्री की सिक्योरिटी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से जुड़ा यह वीडियो बिहार के सियासी हलकों में गरमागरम बहस का मौजू बना हुआ है।

रिपोर्ट.. ऋषभ