Bihar Love Affair Murder:मुजफ्फरपुर में प्यार का शूटआउट, झड़प के बाद प्रेमी ने प्रेमिका को मारी गोली, इलाके में दहशत

Bihar Love Affair Murder:प्रेमी प्रमिका करीब दो घंटे तक मंदिर के आसपास टहलते और बातें करते रहे।मगर अचानक बातचीत में ऐसी चिंगारी भड़की कि माहौल बदल गया। ...

मुजफ्फरपुर में प्यार का शूटआउट- फोटो : reporter

Bihar Love Affair Murder: जिसे लोग इश्क का नाम दे रहे थे, वही रिश्ता आखिरकार ख़ूनी अंजाम तक पहुंच गया। मुज़फ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर सब्ज़ी मंडी के पास हनुमान मंदिर के साए में जो हुआ, उसने मोहब्बत के दावों को कटघरे में खड़ा कर दिया। दो घंटे तक साथ बैठकर बातें करने वाले प्रेमी-प्रेमिका के बीच अचानक ऐसी तल्ख़ी पैदा हुई कि बात बहस से बढ़कर कत्ल तक जा पहुंची।

मृतका 21 वर्षीय निशा कुमारी, जो पूर्वी चंपारण के केसरिया इलाके की रहने वाली थी, शहर में अपनी बहन के यहां रहकर पढ़ाई कर रही थी। बताया जाता है कि सकरा इलाके के एक युवक से उसकी नज़दीकियां बढ़ी थीं। दोनों के बीच का रिश्ता अब मोहब्बत के नाम पर पहचाना जा रहा था, मगर हक़ीक़त में यह एक खतरनाक मोड़ पर खड़ा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार की शाम दोनों करीब दो घंटे तक मंदिर के आसपास टहलते और बातें करते रहे। इसी दौरान युवक ने आराम से गुटखा भी खरीदा जैसे सब कुछ सामान्य हो। मगर अचानक बातचीत में ऐसी चिंगारी भड़की कि माहौल बदल गया। बहस बढ़ी, लहजा कड़ा हुआ, और फिर युवक ने कमर से पिस्टल निकालकर सीधे युवती के सिर में गोली दाग दी।

गोली की आवाज़ ने पूरे इलाके को दहला दिया। मंदिर में पूजा कर रहे लोग बदहवास होकर इधर-उधर भागने लगे। कुछ समझ पाते, उससे पहले ही निशा ज़मीन पर गिर चुकी थी बेजान। मोहब्बत का यह दावा वहीं दम तोड़ चुका था।

मौके पर पहुंची पुलिस, जिसमें एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा और सिटी एसपी मोहिबुल्ला अंसारी शामिल थे, ने एफएसएल टीम के साथ जांच शुरू की। घटनास्थल से सबूत जुटाए गए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल आरोपी फरार है, लेकिन पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।

यह घटना एक कड़वा सवाल छोड़ गई है क्या आज का इश्क सिर्फ़ जुनून और जिद का दूसरा नाम बनता जा रहा है, जहां मोहब्बत के पीछे छिपा ग़ुस्सा कभी भी जुर्म में बदल सकता है?

रिपोर्ट-मणिभूषण शर्मा