मुजफ्फरपुर में बाइक चोरों का भीड़ ने किया ऑन-स्पॉट हिसाब, रंगेहाथ पकड़े दो बदमाशों की जमकर पिटाई

Bihar Crime:बाइक चोरी करते रंगेहाथ पकड़े गए दो युवकों की स्थानीय लोगों ने जमकर पिटाई कर दी।

बाइक चोरों का भीड़ ने किया ऑन-स्पॉट हिसाब- फोटो : reporter

Bihar News: मुजफ्फरपुर के मीनापुर थाना क्षेत्र में बाइक चोरी करते रंगेहाथ पकड़े गए दो युवकों की स्थानीय लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और हिरासत में लेकर थाने पहुंची। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।मामला खेमाईपट्टी चौक का है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को दो युवक बाइक चोरी करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान स्थानीय लोगों की नजर उन पर पड़ गई। लोगों ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई और लोगों ने दोनों युवकों की पिटाई शुरू कर दी।

कुछ देर तक मौके पर अफरातफरी की स्थिति बनी रही। इसी बीच घटना की जानकारी मीनापुर थाना पुलिस को मिली। पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और किसी तरह दोनों युवकों को भीड़ से बाहर निकालकर अपनी अभिरक्षा में ले लिया।बताया जा रहा है कि पकड़े गए दोनों आरोपी मुजफ्फरपुर के मोतीपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की और मामले में आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

इधर, घटना के दौरान कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया, जिसमें कथित बाइक चोरों की पिटाई करते हुए भीड़ नजर आ रही है। यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।मीनापुर थाना पुलिस के अनुसार खेमाईपट्टी चौक के पास स्थानीय लोगों ने दो संदिग्ध बाइक चोरों को पकड़ा था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और इसके बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

घटना ने एक बार फिर भीड़ के कानून हाथ में लेने का सवाल खड़ा कर दिया है। चोरी के आरोप में पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पुलिस और न्यायिक प्रक्रिया के तहत होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा