आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन: बेगूसराय को मिला 'Best Performing Model District' का राष्ट्रीय सम्मान
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के अंतर्गत बेगूसराय जिले को 5 लाख से अधिक आबादी वाली श्रेणी में "Best Performing Model District" के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है....
Delhi/Patna : बिहार के डिजिटल स्वास्थ्य क्षेत्र को एक बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि हासिल हुई है। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के अंतर्गत बेगूसराय जिले को 5 लाख से अधिक आबादी वाली श्रेणी में "Best Performing Model District" के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह उपलब्धि राज्य में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के सफल और प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाती है।
'आरोग्य मंथन 2026' में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने दिया पुरस्कार
यह प्रतिष्ठित सम्मान आयुष्मान भारत-PMJAY के 8 वर्ष और ABDM के 5 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) द्वारा आयोजित ‘आरोग्य मंथन 2026’ के दौरान विज्ञान भवन, नई दिल्ली में प्रदान किया गया। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे. पी. नड्डा ने यह पुरस्कार बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति (BSSS) के CEO सह स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव श्री अरविंद कुमार वर्मा (IAS) को सौंपा।
डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम को मजबूत करने का परिणाम
बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति (BSSS) के नेतृत्व में राज्य भर में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। आम नागरिकों को सुलभ और पारदर्शी स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने, स्वास्थ्य कर्मियों व अस्पतालों को डिजिटल नेटवर्क से जोड़ने और हेल्थ रिकॉर्ड्स के डिजिटलीकरण में बेगूसराय जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्यकर्मियों के साझा प्रयास की सफलता
बेगूसराय जिले की यह उपलब्धि जिला प्रशासन, स्थानीय ABDM टीम, स्वास्थ्य संस्थानों और जमीनी स्तर पर तैनात स्वास्थ्यकर्मियों के आपसी तालमेल एवं कड़े परिश्रम का परिणाम है। इस राष्ट्रीय पहचान से न केवल जिले का मान बढ़ा है, बल्कि राज्य के अन्य जिलों को भी डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती से लागू करने की प्रेरणा मिली है।
बिहार की डिजिटल स्वास्थ्य यात्रा में नया मील का पत्थर
बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति (BSSS) ने इस राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए बेगूसराय जिला प्रशासन, स्वास्थ्यकर्मियों और सभी संबंधित हितधारकों को बधाई दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह सम्मान बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल और सुलभ बनाने के संकल्प को और अधिक गति प्रदान करेगा।
प्रिय दर्शन की रिपोर्ट