Bihar Crime: प्रोटेक्शन गैंग का आतंक, 15 युवकों ने सड़क पर मचाया तांडव, बीच सड़क पर युवक पर जानलेवा हमला, पुलिस जांच में जुटी
Bihar Crime: तथाकथित प्रोटेक्शन गैंग के 10 से 15 युवकों ने मिलकर एक अकेले युवक को घेर लिया और बेरहमी से पिटाई कर दी।
Bihar Crime: अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर उस वक्त सामने आया जब मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के बैरिया गोलंबर से लक्ष्मी चौक जाने वाली सड़क पर एक युवक पर दिनदहाड़े हमला कर दिया गया। आरोप है कि तथाकथित प्रोटेक्शन गैंग के 10 से 15 युवकों ने मिलकर एक अकेले युवक को घेर लिया और बेरहमी से पिटाई कर दी।
यह पूरी घटना निर्माणाधीन अपार्टमेंट के पास हुई, जहां कुछ ही पलों में सड़क पर गुंडागर्दी का नंगा नाच देखने को मिला। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे एक युवक को गिराकर लात-घूंसों और डंडों से पीटा जा रहा है। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश दोनों फैल गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के “प्रोटेक्शन गैंग” इलाके में दहशत फैलाकर वसूली और दबदबा कायम करने की कोशिश करते हैं। आए दिन इस सड़क पर दबंगई की शिकायतें मिलती रहती हैं, लेकिन इस बार मामला वीडियो के जरिए सोशल मीडिया तक पहुंच गया, जिससे घटना ने तूल पकड़ लिया है।
मामले को लेकर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा है कि घटना संज्ञान में ले ली गई है और जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि अब तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई औपचारिक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। इधर, स्थानीय लोग इस गुंडागर्दी पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े न हों और इस तरह के गैंग का खौफ खत्म किया जा सके।
रिपोर्ट- मणिभूषम शर्मा