Bihar Crime: होटल से दो युवतियां गिरफ्तार,प्रधानमंत्री के आगमन से पहले पुलिस की छापेमारी

Bihar Crime: प्रधानमंत्री के वैशाली आगमन से पहले मुजफ्फरपुर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की ओर से सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। ...

होटल से दो युवतियां गिरफ्तार- फोटो : reporter

Bihar Crime: प्रधानमंत्री के वैशाली आगमन से पहले मुजफ्फरपुर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की ओर से सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान पुलिस ने एक होटल में छापेमारी कर शराब के साथ कोलकाता की रहने वाली दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस दोनों युवतियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंची, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।

मामला मुजफ्फरपुर जिले के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र स्थित होटल फुलार का है। जानकारी के मुताबिक, थाना अध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि होटल के एक कमरे में कोलकाता की दो युवतियां ठहरी हुई हैं और उनके पास शराब मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए होटल में दबिश दी। तलाशी के दौरान कमरे में दोनों युवतियों को कथित तौर पर शराब का सेवन करते पाया गया। मौके से शराब की बोतलें भी बरामद की गईं।

इसके बाद पुलिस ने दोनों युवतियों को गिरफ्तार कर लिया और आगे की पूछताछ के लिए थाने ले गई। गिरफ्तार युवतियों की पहचान पश्चिम बंगाल के कोलकाता निवासी 22 वर्षीय मधुमिता मुखर्जी और 25 वर्षीय पिंकी सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों मुजफ्फरपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आई थीं और होटल में ठहरी हुई थीं।

फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। साथ ही शराब की बरामदगी से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा