ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, तीन साल के मासूम की दर्दनाक मौत, पांच घायल, बंगाल से पटना जा रहा था परिवार

सड़क किनारे खड़े ब्रेकडाउन ट्रक में तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार पीछे से जा घुसी। हादसे में एक मासूम बच्चे की मौत हो गई जबकि 5 अन्य सवार इस दर्दनाक हादसे में घायल हो गये.

Nawada Road Accident
Nawada Road Accident- फोटो : news4nation

Bihar News :  नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर शुक्रवार की अहले सुबह एक खौफनाक सड़क हादसा हुआ। स्वास्तिक होटल के समीप सड़क किनारे खड़े ब्रेकडाउन ट्रक में तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। 


हादसे में तीन वर्षीय अयांश शर्मा की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी पश्चिम बंगाल से पटना जा रहे थे।


बताया जाता है कि ट्रक गुरुवार से ही खराब होकर सड़क किनारे खड़ा था। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया। दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए नवादा रेफर किया गया है। 


घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

अमन की रिपोर्ट