Bihar Crime: भगिनी की शादी में पहुंचे मामा की गोली मारकर हत्या, बारात के बीच गूंजी गोलियों की आवाज, शादी की खुशियां मातम में बदलीं
Bihar Crime:भगिनी की शादी में शामिल होने पहुंचे एक व्यक्ति की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।...
Bihar Crime: मुजफ्फरपुर जिले में एक शादी समारोह उस वक्त मातम में तब्दील हो गया, जब अपनी भगिनी की शादी में शामिल होने पहुंचे एक व्यक्ति की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। शादी वाले घर में जहां कुछ देर पहले तक शहनाइयों की गूंज थी, वहीं घटना के बाद चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया।
यह दिल दहला देने वाली घटना मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र के भटौना वार्ड संख्या-2 की है। जानकारी के अनुसार भटौना निवासी नीति सहनी की पुत्री की शादी थी और देर रात बारात घर पहुंची हुई थी। परिवार के लोग विवाह की रस्मों में व्यस्त थे और मेहमानों का स्वागत-सत्कार चल रहा था। इसी बीच लड़की के मामा रंजीत सहनी भी शादी समारोह में शामिल होने के लिए आए हुए थे।बताया जा रहा है कि देर रात रंजीत सहनी घर के बाहर या समीप सोए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और उन्हें निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली लगते ही रंजीत सहनी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। परिजन और स्थानीय लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर निकल चुके थे।
गोली चलने की आवाज सुनते ही शादी समारोह में भगदड़ और हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घायल रंजीत सहनी को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।सूचना मिलने के बाद करजा थाना की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। जांच के दौरान पुलिस को मौके से एक खोखा भी बरामद हुआ है, जिसे साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया गया है।
करजा थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि रंजीत सहनी को सोए अवस्था में अज्ञात अपराधियों ने गोली मारी है। पुलिस सभी पहलुओं पर तफ्तीश कर रही है और अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।फिलहाल इस वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। पूरे इलाके में घटना को लेकर सनसनी फैली हुई है, जबकि पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा