Bihar Murder Case: इश्क, इंतकाम और कत्ल! हरनौत पैथोलॉजी संचालक हत्याकांड का खुलासा, अवैध संबंध के शक में रची गई खूनी साजिश

Bihar Murder Case: नालंदा के हरनौत में चर्चित नालंदा पैथोलॉजी संचालक सोनू कुमार हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है।...

इश्क, इंतकाम और कत्ल! - फोटो : Hiresh Kumar

Bihar  Murder Case: नालंदा के हरनौत में चर्चित नालंदा पैथोलॉजी संचालक सोनू कुमार हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात की जड़ में अवैध संबंध का शक, पुरानी अदावत और पारिवारिक विवाद था। पुलिस का कहना है कि इसी रंजिश ने खूनी साजिश का रूप ले लिया। हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने सोनू कुमार हत्याकांड को गंभीरता से लिया और इसके साथ हीं घटना की परते खुलनी शुरु हुईं...और तीन दिन में हीं आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

पु०नि० सह थानाध्यक्ष, मुकेश कुमार वर्मा के मुताबिक, 2 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे हरनौत थाना क्षेत्र के विश्वकर्मा मोड़ स्थित जीविका गली में पैथोलॉजी संचालक सोनू कुमार उर्फ अजीत कुमार (35) पर अज्ञात हमलावरों ने चाकू, लोहे की रॉड और बांस से जानलेवा हमला किया था। गंभीर रूप से घायल सोनू को इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना भेजा गया, जहां उनकी मौत हो गई।थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि मृतक के भाई सुजीत कुमार और भाभी के बयान पर हरनौत थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान एसटीएफ पटना और हरनौत थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, आसूचना संकलन और लगातार छापेमारी के आधार पर मुख्य आरोपी मुकेश कुमार  को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई ग्लैमर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर इस खूनी वारदात को अंजाम दिया। आरोपी के अनुसार, मृतक और उसके बीच पिछले पांच वर्षों से पारिवारिक विवाद और गहरी दुश्मनी चली आ रही थी। पुलिस का यह भी कहना है कि जांच में अवैध संबंध को लेकर उपजे विवाद की बात भी सामने आई है, जिसकी हर पहलू से तफ्तीश की जा रही है।

उधर, जांच एजेंसियों के रडार पर एक परिचित महिला भी है। बताया जा रहा है सोनू  लिव-इन रिलेशनशिप था।सोनू अपने परिवार का इकलौता सहारा था। वारदात वाली रात सोनू कुमार को एक फोन कॉल कर शिवाजी मोहल्ला बुलाया गया था, जिसके बाद उन पर जानलेवा हमला हुआ। पुलिस अब कॉल डिटेल, डिजिटल साक्ष्य और अन्य कड़ियों को जोड़कर पूरे षड्यंत्र की तह तक पहुंचने में जुटी है।

फिलहाल मुख्य आरोपी सलाखों के पीछे है, जबकि फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा का दावा है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड की पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।