मेहंदी का रंग भी नहीं उतरा और उजड़ गया सुहाग,मोहब्बत के सात फेरों पर चली गोली, दोस्त ने ही उतारा दोस्त को मौत के घाट, घर में गूंज रही दुल्हन की सिसकियां
Bihar Crime News:अभी छह दिन पहले जिस घर में शहनाइयों की मिठास गूंज रही थी, जहां नई नवेली दुल्हन के हाथों की मेहंदी की खुशबू फैली थी, वहीं अब मातम का साया पसरा हुआ है।
Bihar Crime News: नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र के सदरपुर गांव से एक ऐसी दर्दनाक और रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। अभी छह दिन पहले जिस घर में शहनाइयों की मिठास गूंज रही थी, जहां नई नवेली दुल्हन के हाथों की मेहंदी की खुशबू फैली थी, वहीं अब मातम का साया पसरा हुआ है। महज 20 अप्रैल को शादी के बंधन में बंधे राहुल कुमार की बेरहमी से हत्या कर दी गई वो भी ऐसे अंदाज़ में कि रिश्तों और यारी-दोस्ती पर ही सवाल खड़े हो गए।
बताया जाता है कि तीन भाइयों में सबसे बड़े राहुल अपने परिवार का सहारा थे, डेकोरेशन का काम कर घर की जिम्मेदारी उठाते थे। लेकिन किसे पता था कि जिन दोस्तों के साथ वो हंसी-खुशी वक्त बिताते थे, वही उन्हें मौत के मुहाने तक ले जाएंगे। शनिवार की रात करीब 9 बजे, खाना खाकर आराम कर रहे राहुल को उनके दो दोस्तों ने मछली मारने का झांसा देकर जीरायन नदी की ओर बुलाया। यह बुलावा दरअसल एक खौफनाक साजिश का हिस्सा था।
रविवार की सुबह जब एक अनहोनी की खबर फोन पर आई, तो परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजन जब सूर्य मंदिर के पास नदी किनारे पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर हर कोई सन्न रह गया। राहुल का शव खून से लथपथ पड़ा था, और सिर के पिछले हिस्से में बेहद करीब से मारी गई गोली ने उनकी जिंदगी का हमेशा के लिए खात्मा कर दिया था।
जिस दुल्हन ने अभी सपनों का घर बसाना शुरू ही किया था, उसकी मांग का सिंदूर चंद दिनों में ही उजड़ गया। उसकी चीखें और आंसू पूरे गांव के दिल को चीर रहे हैं। यह सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि भरोसे और रिश्तों का कत्ल है।
मामले की नज़ाकत को देखते हुए पुलिस हरकत में आ गई है। बिंद थानाध्यक्ष मुरली आजाद के नेतृत्व में जांच तेज कर दी गई है, एफएसएल टीम को बुलाकर सबूत जुटाए जा रहे हैं। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश और मछली मारने को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस सनसनीखेज कत्ल का पर्दाफाश कर गुनहगारों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।
रिपोर्ट- राज पाण्डेय