Bihar Crime News: शराब माफिया ने पीट-पीटकर की युवक की हत्या, शव खेत में फेंका, कत्ल से इलाके में सनसनी

Bihar Crime News:खेत में एक युवक का शव मिलने के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ......

शराब माफिया की करतूत- फोटो : reporter

Bihar Crime News: नालंदा के सोहसराय थाना क्षेत्र में एक युवक की रहस्यमय और दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। बुधवार सुबह 17 नंबर मसानी के पीछे खेत में एक युवक का शव मिलने के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक की पहचान सलेमपुर बीच बाजार निवासी 30 वर्षीय राजन कुमार के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।

परिजनों के मुताबिक राजन मंगलवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। रातभर तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह जब खेत में उसका शव पड़ा मिला तो परिवार पर गम का पहाड़ टूट पड़ा। शव पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे यह आशंका गहरा गई है कि पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और फिर कत्ल कर शव को खेत में फेंक दिया गया।

मृतक के भाई साहिल कुमार ने इस वारदात के पीछे शराब माफिया का हाथ होने का इल्जाम लगाया है। उनका कहना है कि जिस इलाके में शव बरामद हुआ है, वहां अवैध शराब कारोबारियों की गतिविधियां लंबे समय से चल रही हैं। आरोप है कि खेतों में शराब छिपाकर रखी जाती है और संभवतः राजन ने उनकी करतूत देख ली थी। इसी वजह से उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।घटना की खबर मिलते ही सोहसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सदर डीएसपी रामदुलार प्रसाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मारपीट के बाद हत्या का प्रतीत होता है, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।

फिलहाल पुलिस हर पहलू से तहकीकात कर रही है। इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लोगों का कहना है कि अगर हत्या के पीछे संगठित शराब तस्करों का हाथ है तो पुलिस को जल्द से जल्द पूरे गिरोह का पर्दाफाश करना चाहिए।अब सवाल यह है कि राजन कुमार की मौत महज एक आपराधिक वारदात है या फिर अवैध कारोबार के राज खुलने का नतीजा? इस रहस्य से पर्दा उठना अभी बाकी है, लेकिन खेत में मिली लाश और जिस्म पर जख्मों की कहानी कई सवाल खड़े कर रही है।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय