Bihar Crime: मुखिया के घर 3 करोड़ की सनसनीखेज चोरी, सोना-चांदी और नकदी समेटकर चोर हुए फरार

Bihar Crime:बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से घर में धावा बोलते हुए करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य के सोना-चांदी और भारी मात्रा में नकदी पर हाथ साफ कर दिया।..

मुखिया के घर 3 करोड़ की भीषण चोरी- फोटो : x

Bihar Crime: नालंदा जिले के अस्थावां प्रखंड स्थित शाहपुर पंचायत में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पंचायत के मुखिया के घर भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया गया। बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से घर में धावा बोलते हुए करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य के सोना-चांदी और भारी मात्रा में नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

मिली जानकारी के मुताबिक घटना देर रात की बताई जा रही है। चोरों ने घर को पहले से रैकी कर निशाना बनाया। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने सुनसान वक्त का फायदा उठाया और पीछे के रास्ते से घर में दाखिल हुए। इसके बाद अलमारी, लॉकर और बक्सों को तोड़कर कीमती जेवरात और नकदी समेट ली। सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो घर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और तिजोरियां टूटी हुई थीं।

सूत्रों के अनुसार चोरी गए सामान में भारी मात्रा में सोने के गहने, चांदी के आभूषण और लाखों रुपये की नकदी शामिल है। अनुमान है कि कुल नुकसान करीब 3 करोड़ रुपये के आसपास है। इतनी बड़ी वारदात ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है ताकि सुराग जुटाए जा सकें। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह संगठित गिरोह की करतूत हो सकती है, जिसने पहले से पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।

फिलहाल पुलिस संदिग्धों की तलाश में छापेमारी कर रही है। इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। इस दुस्साहसी चोरी ने शाहपुर पंचायत के लोगों को दहशत में डाल दिया है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय