Bihar Nia Raid: सबेरे सबेरे नालंदा में NIA की बड़ी रेड, 6 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी जारी
Bihar Nia Raid: बिहार में एनआईए अहले सुबह से हीं छह जगहों पर छापेमारी कर रही है.....
Bihar Nia Raid: बिहार में एनआईए ने सबेरे सबेरे दबिश दी है। छह ठिकानों पर अहले सुबह से छापेमारी जारी है। नालंदा जिले के लहेरी थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह से सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों की पैनी नजर लगी हुई है। सुबह करीब 4 बजे से बिहारशरीफ़ लहेरी थाना क्षेत्र के लहेरी मोहल्ला के पोस्ट ऑफिस मोड़ के पास पीके गन हाउस समेत कम से कम 6 से ज्यादा लोकेशनों पर NIA की छापेमारी जारी है। इस कार्रवाई में साइबर टीम और स्थानीय पुलिस भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, जिला स्तर पर एक विशेष टीम गठित की गई थी, जो लहेरी थाना क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर रेड कर रही है। अब तक इस छापेमारी की वजह और नेतृत्व में चल रही कार्रवाई के बारे में किसी भी अधिकारी ने कोई खुलासा नहीं किया है। फिलहाल तीन घंटे से रेड जारी है, और इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
लहेरी थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि उन्हें वरीय अधिकारियों की तरफ से लेटर प्राप्त हुआ था। इसके बाद उनके थाने के दो पुलिसकर्मी भी इस रेड में शामिल हुए। उन्होंने साफ किया कि रेड किसके नेतृत्व में और क्यों चल रही है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
स्थानीय लोगों की मानें तो लहेरी मोहल्ला में यह कार्रवाई गन हाउस और ज्वेलरी दुकान पर केंद्रित है। सुबह साढ़े चार बजे से ही NIA, साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की टीम ने छानबीन शुरू कर दी थी। इलाके में मौजूद लोग इस कार्रवाई को लेकर उत्सुक और भयभीत दोनों हैं।
हालांकि, किसी भी अधिकारी ने अब तक मीडिया को कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। नालंदा में इस तरह की बड़ी रेड से यह संकेत मिल रहा है कि खुफिया एजेंसियां किसी बड़े आपराधिक या आतंक संबंधी मामले की पड़ताल कर रही हैं।
इस सनसनीखेज छापेमारी ने पूरे लहेरी थाना क्षेत्र में हलचल पैदा कर दी है। सोशल मीडिया पर भी लोग लगातार इस मामले की अपडेट्स साझा कर रहे हैं। अब सबकी निगाहें NIA की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं कि आखिर इस बड़े ऑपरेशन में सामने क्या तथ्य निकलते हैं।
रिपोर्ट- राज पाण्डेय