Bihar News: लग्जरी XUV में शराब की खेप बरामद, दबोचा गया तस्कर, फिल्मी अंदाज़ में हुई गिरफ्तारी

Bihar News: नवादा में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग ने जोरदार कार्रवाई करते हुए एक महिंद्रा XUV 500 से 138 बोतल शराब बरामद की है।

लग्जरी XUV में शराब की खेप बरामद- फोटो : reporter

Bihar News: नवादा में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग ने जोरदार कार्रवाई करते हुए एक महिंद्रा XUV 500 से 138 बोतल शराब बरामद की है। बुधौल बस स्टैंड के पास हुई इस दबिश में 28 वर्षीय तस्कर विशाल कुमार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया, जबकि लग्ज़री वाहन को जब्त कर लिया गया है।

विशाल कुमार रोह थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 8, ग्राम रोह का निवासी बताया जाता है। गुप्त सूचना के आधार पर सहायक अवर निरीक्षक (मद्य निषेध) दीपक कुमार ने अपनी टीम के साथ जाल बिछाया। बरेब के पास संदिग्ध XUV 500 को देखते ही टीम ने पीछा शुरू किया। खुद को घिरता देख चालक ने गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश की, यहां तक कि गलत लेन में घुसकर तेज रफ्तार से फरार होने की जुगत भी भिड़ाई।

मगर किस्मत ने साथ नहीं दिया। बुधौल बस स्टैंड के पास मेडीस्टार हॉस्पीकेयर अस्पताल के समीप जाम में फंसी गाड़ी को जब तेजी से पीछे करने की कोशिश की गई, तो वह उत्पाद टीम की गाड़ी से टकरा गई। टक्कर के साथ ही फरारी की स्क्रिप्ट धरी की धरी रह गई।

गाड़ी रुकते ही विशाल कुमार बाहर कूदा और एक ऑटो में बैठकर भागने की फिराक में था, लेकिन टीम की मुस्तैदी ने उसकी चाल नाकाम कर दी। तलाशी के दौरान XUV के दरवाजों और लाइट के पास बने गुप्त बॉक्सों से शराब की खेप बरामद हुई। कुल 138 बोतलों में 375 एमएल की 96 और 750 एमएल की 42 बोतलें इंपीरियल ब्लू सुपीरियर ग्रेन व्हिस्की की मिलीं। बरामद शराब की कुल मात्रा 67.5 लीटर आंकी गई है।

पूछताछ में विशाल ने कबूला कि उसे यह गाड़ी हरदिया डैम पर राहुल कुमार नामक शख्स ने दी थी। उसे के.एल.एस. कॉलेज के पास वाहन छोड़ने का हुक्म मिला था और बताया गया था कि गाड़ी में सिर्फ एक पेटी शराब है। इस ‘डील’ के एवज में उसे 3,000 रुपये दिए गए थे।

फिलहाल उत्पाद विभाग पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटा है। सूत्रों का दावा है कि इस तस्करी के तार और भी बड़े गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। नवादा में इस कार्रवाई के बाद शराब माफिया के बीच खलबली मची हुई है।

रिपोर्ट- अमन कुमार