नवादा बाजार में मोबाइल विवाद पर जमकर चली गोलियां, दिनदहाड़े फायरिंग से मची भगदड़

Bihar Crime: नवादा जिले के नारदीगंज बाजार में मोबाइल छीनने के विवाद ने अचानक खूनी रंग ले लिया। ...

दिनदहाड़े फायरिंग से मची भगदड़- फोटो : reporter

Bihar Crime: नवादा जिले के नारदीगंज बाजार में मोबाइल छीनने के विवाद ने अचानक खूनी रंग ले लिया। फलमंडी के पास दिनदहाड़े दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते गोलियां चलने लगीं। फायरिंग की आवाज से पूरे बाजार में अफरातफरी मच गई। दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। राहत की बात यह रही कि गोलीबारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना की सूचना मिलते ही नारदीगंज थानाध्यक्ष राजेश कुमार और एसआई दिनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही गोली चलाने के आरोपित मौके से फरार हो चुके थे। स्थानीय लोगों ने घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस बरामद कर पुलिस को सौंपा। मौके पर गोली फंसने की बात भी सामने आई है, जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच तेज कर दी।पुलिस के मुताबिक शुरुआती जानकारी में विवाद बिक्कू निवासी प्रशांत कुमार और पंडपा निवासी आयुष कुमार के बीच बताया जा रहा है। आयुष कुमार की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रशांत कुमार समेत पांच नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। शिकायत में प्रशांत कुमार पर गोली चलाने का आरोप लगाया गया है।

अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि बाजार के बीच आखिर किसने गोली चलाई और विवाद किस तरह हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।थानाध्यक्ष राजेश कुमार के अनुसार मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत किस बात से हुई और गोलीबारी में कितने लोग शामिल थे।

दिनदहाड़े बाजार में गोली चलने की घटना ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस वक्त बाजार में लोगों की आवाजाही रहती है, उसी दौरान फायरिंग होने से आम लोगों में भय का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज व मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। पुलिस की कार्रवाई के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मोबाइल विवाद के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और फायरिंग की इस वारदात में कौन-कौन लोग शामिल थे।

रिपोर्ट- अमन कुमार