Bihar Crime News: नवादा में पेड़ से लटका मिला पुजारी का शव, इलाके में सनसनी

Bihar Crime News: बिहार के नवादा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है...

हत्या या आत्महत्या?- फोटो : reporter

Bihar Crime News: बिहार के नवादा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां हिसुआ थाना क्षेत्र के मटुक बिगहा गांव में सोमवार को एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह-सुबह हुई इस घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई। चारों तरफ चर्चा का बाजार गर्म हो गया और युवक की मौत को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे। आखिर युवक की मौत कैसे हुई? क्या यह आत्महत्या का मामला है या फिर किसी ने हत्या कर साक्ष्य छिपाने के इरादे से शव को पेड़ से लटका दिया? फिलहाल इन सवालों के जवाब तलाशने में पुलिस जुटी हुई है।

शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने देखा शव

मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार को गांव के कुछ ग्रामीण शौच के लिए निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर सुनसान इलाके में एक पेड़ से लटके युवक के शव पर पड़ी। यह नजारा देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों का मजमा लग गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने फौरन हिसुआ थाना पुलिस को मामले की इत्तिला दी।

तस्वीर से हुई मृतक की पहचान

सूचना मिलते ही हिसुआ थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। इसके बाद पुलिस ने युवक की तस्वीर जारी कर उसकी शिनाख्त कराने की कोशिश की। तस्वीर के आधार पर मृतक की पहचान रूपौ गांव निवासी करीब 35 वर्षीय संजय पांडे के रूप में हुई।बताया जा रहा है कि संजय पांडे पेशे से पुजारी थे और अपनी नानी के घर आए हुए थे। जिस जगह उनका शव पेड़ से लटका मिला, वह उनकी नानी के घर से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। घर के इतने करीब सुनसान जगह पर शव मिलने से परिजन और ग्रामीण भी सकते में हैं।

FSL टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य

मामले की संजीदगी को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच-पड़ताल की और जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में शव को पेड़ से नीचे उतरवाया गया और अपने कब्जे में लिया गया।कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, नवादा भेज दिया गया। पुलिस अब घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की गुत्थी सुलझाने में लगी है।

हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

इस रहस्यमयी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर संजय पांडे की जान किन परिस्थितियों में गई? क्या उन्होंने खुदकुशी की या फिर किसी ने उनकी हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया? क्या इस वारदात के पीछे कोई पुरानी रंजिश या पारिवारिक विवाद है? फिलहाल किसी भी आशंका की पुष्टि नहीं हुई है।

इस संबंध में हिसुआ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार ने बताया कि परिवार के लोगों की ओर से फिलहाल किसी व्यक्ति पर कोई संदेह जाहिर नहीं किया गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर तफ्तीश कर रही है।फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और मेडिकल रिपोर्ट सामने आने के बाद ही संजय पांडे की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

रिपोर्ट- अमन कुमार