तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने चार युवकों को मारी जोरदार टक्कर, एक की मौत, नवादा में मचा कोहराम

चारों युवक प्रतिदिन की तरह मंगलवार की सुबह मॉर्निंग रनिंग के लिए घर से निकले थे। गौरव कुमार आर्मी में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान सड़क हादसा हुआ.

Nawada Road Accident - फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार के नवादा जिले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर स्थिति को देखते हुए तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।


मृतक की पहचान अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी राजेंद्र सिंह के 23 वर्षीय छोटे पुत्र गौरव कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान शिवम कुमार, प्रिंस कुमार और राजा कुमार के रूप में की गई है।


बताया जा रहा है कि चारों युवक प्रतिदिन की तरह मंगलवार की सुबह मॉर्निंग रनिंग के लिए घर से निकले थे। गौरव कुमार आर्मी में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था। सभी युवक फतेहपुर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे दौड़ लगा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए अज्ञात वाहन ने चारों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सभी युवक सड़क किनारे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।


घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और सभी घायलों को आनन-फानन में नवादा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच के बाद चिकित्सकों ने गौरव कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।


गौरव की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गौरव पांच भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार को उम्मीद थी कि वह आर्मी में भर्ती होकर देश की सेवा करेगा, लेकिन सड़क हादसे ने परिवार के सपनों को गहरा सदमा पहुंचाया है। मृतक अपने माता-पिता और अन्य परिजनों को पीछे छोड़ गया। फिलहाल शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया सदर अस्पताल में की जा रही है।

अमन की रिपोर्ट