बेटी की डोली के बदले पिता की उठी अर्थी, नवादा में बेटी की शादी की तैयारी में लगे पिता की संदिग्ध मौत

बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात परिवार में छठ व्रत को लेकर चहल-पहल थी। इसी दौरान अभय सिंह घर से बाहर निकले थे। कुछ देर बाद गांव के तालाब के समीप वह खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। उनके चेहरे पर खून के निशान दिखाई दे रहे थे

Nawada Crime - फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार के नवादा जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित कुंडा गांव में शुक्रवार की रात एक 50 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गांव के ही एक तालाब के समीप उनका शव खून से लथपथ हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या कर शव फेंक देने का आरोप लगाया है। हालांकि, मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।


मृतक की पहचान कुंडा गांव निवासी लगभग 50 वर्षीय अभय सिंह के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह राजस्थान में रहते थे और दीपावली के अवसर पर अपनी इकलौती बेटी की शादी की तैयारी करने घर आए थे। फरवरी महीने में उनकी बेटी की शादी होनी थी। परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। घर में शादी को लेकर तैयारियां चल रही थीं।


बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात परिवार में छठ व्रत को लेकर चहल-पहल थी। इसी दौरान अभय सिंह घर से बाहर निकले थे। कुछ देर बाद गांव के तालाब के समीप वह खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। उनके चेहरे पर खून के निशान दिखाई दे रहे थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें देखकर शोर मचाया, जिसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।


परिजनों ने आरोप लगाया है कि अभय सिंह की पीट-पीटकर हत्या की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही गोविंदपुर थाना प्रभारी विजय कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। वहीं, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन की।


एसडीपीओ ने बताया कि मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। राजस्थान से परिवार के अन्य सदस्यों के पहुंचने और आवेदन मिलने के बाद आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

अमन की रिपोर्ट