नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत : 50 हजार के लिए गला दबाकर हत्या का आरोप, पति गिरफ्तार

सुपौल जिले से दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका के मायके वालों ने 50 हजार रुपये के लिए गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले मे पति को गिरफ्तार कर मामले की जांच मे जुटी है......

दहेज के लिए हत्या (मृतका की फाइल फोटो)- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के थुमहा पंचायत स्थित वार्ड 9 में एक 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्धावस्था में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान थुमहा निवासी संदीप कुमार साह की पत्नी रूपम कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर 50 हजार रुपये की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और गला घोटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है।


चौदह महीने पहले हुई थी शादी, शुरुआती महीनों के बाद शुरू हुई प्रताड़ना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रूपम कुमारी की शादी करीब 14 महीने पहले हिंदू रीति-रिवाज के साथ थुमहा निवासी राजकुमार साह के पुत्र संदीप कुमार साह के साथ हुई थी। मृतका त्रिवेणीगंज अनुमंडल क्षेत्र के जदिया थाना अंतर्गत हीरापट्टी वार्ड 9 निवासी चंद्रेश्वर साह एवं सुलेखा देवी की पुत्री थी। परिजनों के मुताबिक शादी के शुरुआती पांच-छह महीने तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में कथित रूप से 50 हजार रुपये की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा था।


मौत से पहले पिता को दी थी मारपीट की जानकारी, गले पर मिले निशान

घटना से ठीक पहले शुक्रवार की देर रात रूपम ने अपने पिता चंद्रेश्वर साह को फोन कर ससुराल में हो रही मारपीट और 50 हजार रुपये की मांग की जानकारी दी थी। पिता ने अगले दिन पहुंचकर बात करने का भरोसा दिया था, लेकिन शनिवार को उसकी मौत की सूचना मिल गई। मायके वाले जब मौके पर पहुँचे तो शव पलंग पर पड़ा था और गले पर निशान थे, जिसके बाद उन्होंने पति, ससुर और सास पर मिलकर हत्या करने और इसे आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया।


फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर चलंत फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक नमूने और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।


थानाध्यक्ष ने दी जानकारी, पति गिरफ्तार और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों की ओर से प्राप्त लिखित आवेदन के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति संदीप कुमार साह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि नवविवाहिता की मौत हत्या है या आत्महत्या, इसका वास्तविक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। जांच में सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट