Patna Crime: बच्ची की बेरहमी से हत्या, रेप के आरोप से मचा हड़कंप, खेत में खून से लथपथ मिली मासूम
Patna Crime: पटना के बाढ़ अनुमंडल के बेलछी थाना क्षेत्र स्थित लाखाचक गांव में 10 साल की बच्ची की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। ...
Patna Crime: पटना के बाढ़ अनुमंडल के बेलछी थाना क्षेत्र स्थित लाखाचक गांव में 10 साल की बच्ची की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि मासूम के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और उसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। बच्ची का शव धान के खेत में खून से लथपथ मिला। उसके गले में करीब 10 इंच लंबा हसुआ घोंपा हुआ था। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
परिजनों के मुताबिक, बच्ची शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे स्कूल गई थी। दोपहर लगभग डेढ़ बजे मध्याह्न भोजन के बाद वह घर लौट आई। घर पहुंचने के बाद उसने रोजाना की तरह घरेलू काम में परिजनों का हाथ बंटाया। शाम करीब 4:30 बजे वह घास काटने के लिए हसुआ लेकर खेत की ओर निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार को अनहोनी की आशंका हुई और उसकी तलाश शुरू की गई।
परिजन खेतों की ओर पहुंचे तो बच्ची धान के खेत में खून से लथपथ पड़ी मिली। पिता के मुताबिक, उन्हें लगा कि बच्ची शायद जिंदा है। उन्होंने उसके गले से हसुआ निकालकर तत्काल पुलिस को सूचना दी और बच्ची को बाढ़ अनुमंडल अस्पताल ले गए। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।हालांकि दुष्कर्म की पुष्टि को लेकर अंतिम चिकित्सकीय राय देना संभव नहीं है और इसके लिए जांच की प्रक्रिया पूरी होना जरूरी है।
घटनास्थल से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हसुआ बरामद कर लिया है। बच्ची के कपड़ों को भी सील किया गया है। जिस खेत में मासूम का शव मिला, वह आरोपी बताए जा रहे कामो सिंह का बताया गया है। बच्ची स्कूल ड्रेस में ही घास काटने गई थी और घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर उसका शव मिला।
इस जघन्य वारदात के बाद पुलिस ने मामले की तफ्तीश तेज कर दी है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच से हत्या की परिस्थितियों तथा परिजनों द्वारा लगाए गए दुष्कर्म के आरोपों की जांच में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस की जांच यह भी तय करेगी कि बच्ची के साथ वास्तव में क्या हुआ और वारदात के पीछे कौन जिम्मेदार है।