Patna Crime: उड़ीसा गोल्ड लूटकांड के दो आरोपी बिहार एसटीएफ के सहयोग से गिरफ्तार, पटना में पुलिस बड़ी कार्रवाई

Patna Crime: राजधानी पटना में अंतरराज्यीय अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां उड़ीसा पुलिस और बिहार एसटीएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर करोड़ों की सोना लूटकांड में शामिल दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

पटना में पुलिस बड़ी कार्रवाई- फोटो : reporter

Patna Crime: राजधानी पटना में अंतरराज्यीय अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां उड़ीसा पुलिस और बिहार एसटीएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर करोड़ों की सोना लूटकांड में शामिल दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र में की गई, जहां गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेगूसराय के भगवानपुर थाना क्षेत्र स्थित असोई गांव निवासी संतोष पासवान और बेऊर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर निवासी नवीन कुमार यादव के रूप में हुई है। दोनों पर उड़ीसा में हुए बड़े सोना और नकदी लूटकांड में शामिल होने का गंभीर आरोप है। लंबे समय से दोनों फरार चल रहे थे और ठिकाना बदल-बदल कर रह रहे थे।

जानकारी के मुताबिक 19 जनवरी 2026 को उड़ीसा के क्योझड़ जिले के बारबिल स्थित एक बैंक शाखा में छह हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोला था। अपराधियों ने हथियार के बल पर कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बनाकर लगभग पांच करोड़ रुपये मूल्य का सोना और करीब आठ लाख रुपये नकद लूट लिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिसके बाद से पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी थी।

इस मामले में पहले झारखंड से दो अपराधियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनके पास से लूटा गया सोना भी बरामद किया गया था। उन्हीं आरोपियों से पूछताछ के दौरान संतोष पासवान और नवीन कुमार का नाम सामने आया। इसके बाद उड़ीसा पुलिस ने बिहार पुलिस से संपर्क कर संयुक्त ऑपरेशन चलाया।

छापेमारी के दौरान दोनों आरोपियों को जक्कनपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। संतोष पासवान को कुख्यात अपराधी बताया जा रहा है, जिस पर बेगूसराय जिले में हत्या, लूट और डकैती सहित करीब आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों से गहन पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

रिपोर्ट- अनिल कुमार