Patna Crime: नाबालिग की आत्महत्या मामले में हुआ बड़ा खुलासा, कारण जानकर दंग रह गई पटना पुलिस, झारखंड से जुड़ा कनेक्शन
Patna Crime: पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्र की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है।...
Patna Crime: पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्र की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस की जांच में AI जेनरेटेड फोटो के जरिए ब्लैकमेलिंग और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में झारखंड के हजारीबाग निवासी सुनील साव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
सचिवालय SDPO-1 अनु के मुताबिक, शास्त्री नगर इलाके में एक नाबालिग छात्र ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर उसकी बारीकी से पड़ताल की।मोबाइल की जांच के दौरान पुलिस को एक AI से तैयार की गई तस्वीर मिली, जिसे कथित तौर पर मृतक के मोबाइल पर भेजा गया था। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को एक मोबाइल नंबर से कई बार लंबी बातचीत होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने संबंधित नंबर का पूरा डिटेल खंगाला।
जांच में मोबाइल नंबर हजारीबाग, झारखंड निवासी सुनील साव के नाम पर पाया गया। पुलिस के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।पुलिस का आरोप है कि सुनील साव ने नाबालिग के व्हाट्सऐप पर AI जेनरेटेड फोटो भेजकर उसे वायरल करने की धमकी दी थी। आरोप है कि तस्वीर वायरल करने की धमकी देकर नाबालिग से पैसे भी वसूले गए। पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
इस मामले ने साइबर अपराध के एक खतरनाक रूप की ओर भी इशारा किया है, जहां AI तकनीक का इस्तेमाल फर्जी तस्वीरें तैयार कर लोगों को डराने, बदनाम करने और कथित तौर पर ब्लैकमेल करने के लिए किया जा सकता है।फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की अन्य कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
रिपोर्ट- अनिल कुमार