Patna Raid:काली कमाई का काला साम्राज्य, धन कुबेर इंजीनियर के ठिकानों पर निगरानी का धावा,करोड़ों की दौलत का हुआ पर्दाफाश, माल देख कर हैरत में पड़ गए अधिकारी

Patna Raid:पर्यटन विभाग के अधीक्षण अभियंता अवधेश कुमार सिन्हा पर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने ऐसा शिकंजा कसा कि कथित काली कमाई का पूरा नेटवर्क बेनकाब होता नजर आया।

धन कुबेर इंजीनियर के काली कमाई का काला साम्राज्य- फोटो : social Media

Patna Raid:पर्यटन विभाग के अधीक्षण अभियंता अवधेश कुमार सिन्हा पर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने ऐसा शिकंजा कसा कि कथित काली कमाई का पूरा नेटवर्क बेनकाब होता नजर आया। आय से अधिक संपत्ति के मामले में दर्ज एफआईआर के बाद विशेष अदालत से सर्च वारंट हासिल कर निगरानी की तीन टीमों ने एक साथ पटना स्थित तीन ठिकानों पर धावा बोला। शुरुआती जांच में ही करीब 1.41 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति का खुलासा हुआ, जो उनकी ज्ञात वैध आय से लगभग 75 फीसदी ज्यादा बताई जा रही है।

छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी के हाथ 12 जमीनों की डीड, तीन आलीशान फ्लैट, करोड़ों के निवेश, कीमती जेवरात और बैंक खातों से जुड़े अहम दस्तावेज लगे हैं। आशियाना नगर की फ्रेंड्स कॉलोनी में दो कट्ठा चार धूर जमीन 75.63 लाख रुपये में खरीदी गई थी, जबकि उसी जमीन पर खड़े शानदार मकान के निर्माण के लिए करीब 97 लाख रुपये खर्च किए जाने के दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। जांचकर्ताओं को सिविल कांट्रैक्टर के साथ हुआ एमओयू भी मिला, जिसमें भुगतान की पूरी लेन-देन की कहानी दर्ज है।

निगरानी टीम ने तलाशी के दौरान 61 हजार रुपये नकद, करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने, हीरा जड़ित और चांदी के जेवरात, एक हुंडई कार, 19 बैंक खातों के दस्तावेज, बीमा निवेश के कागजात और केनरा बैंक के लॉकर का भी पता लगाया, जिसे तत्काल सील कर दिया गया है। लॉकर खुलने के बाद और बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

निगरानी ब्यूरो का मानना है कि यह सिर्फ काली कमाई की पहली परत है। बैंक खातों, निवेश और लॉकर की गहन तफ्तीश पूरी होने के बाद संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ सकता है। फिलहाल पूरे मामले में अभियंता की कथित बेहिसाब दौलत की परतें एक-एक कर खुल रही हैं और जांच एजेंसियां इस माल-ए-मुफ्त के साम्राज्य की जड़ तक पहुंचने में जुटी हैं।