बंटी हत्याकांड में खाकी का तगड़ा एक्शन,लेडी सिंघम ममता कल्याणी ने संभाला मोर्चा, आधी रात पैराडाइज होटल से दो गिरफ्तार

Patna Crime: राजधानी का जरायम पेशा एक बार फिर दहला हुआ है। ...

आधी रात पैराडाइज होटल से दो गिरफ्तार- फोटो : reporter

Patna Crime: राजधानी का जरायम पेशा एक बार फिर दहला हुआ है। न्यू करबिगहिया के रसूखदार बंटी के अगवा और बेरहमी से कत्ल किए जाने के बाद पुलिस महकमा पूरी तरह हरकत में आ गया है। पिछले 48 घंटों से सूबे के चार जिलों में खाकी की मुस्तैद टीमें मुजरिमों के सुराग तलाशने के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस गुनहगारों की धरपकड़ के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है।

मंगलवार की काली रात को पटना पुलिस ने करबिगहिया और पटना जंक्शन के इर्द-गिर्द स्थित होटलों, मुसाफिरखानों, लाजों औरब्यूटी पार्लरों पर अचानक धावा बोल दिया। इस औचक तफ्तीश से जरायम की दुनिया के गुर्गों में हड़कंप मच गया। तड़के तक चली इस मुहीम के दौरान दर्जनों संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की गई। हालांकि, पुख्ता सुबूत न मिलने पर कईयों को तस्दीक के बाद छोड़ दिया गया, लेकिन पुलिस ने इस पूरे मामले की तह तक पहुंचने के लिए दो मुख्य आरोपियों को शिकंजे में ले लिया है, जिनसे राज उगलवाने की कवायद जारी है।

इस पूरे ऑपरेशन की कमान खुद सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी ने संभाल रखी है। तफ्तीश के दौरान पुलिस अमले ने पटना के मशहूर पैराडाइज होटल पर छापा मारकर दो संदिग्धों को अपनी गिरफ्त में लिया। लेडी सिंघम ममता कल्याणी ने खुद होटल के मुसाफिर रजिस्टर और कानूनी कागजातों को खंगाला। लापरवाही बरतने वाले होटल मालिकों को सख्त हिदायत देते हुए उन्होंने कोतवाली थाना प्रभारी को मुस्तैदी बरतने का कड़ा फरमान सुनाया।

इस खूनी वारदात की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने शहर में पैर पसार रहे कथित सेक्स रैकेट और अवैध धंधों पर भी तगड़ा प्रहार किया है। सेंट्रल एसपी ने साफ लफ्जों में चेतावनी दी है कि हुस्न और गुनाह के इन अड्डों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुखबिरों से मिल रही खुफिया इत्तला के आधार पर पार्लरों और होटलों की घेराबंदी जारी रहेगी। पुलिस का यह 'क्लीन स्वीप' अभियान अपराधियों के खात्मे तक थमेगा नहीं।

रिपोर्ट- रंजीत कुमार