बंटी यादव हत्याकांड में पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी सोनू को लिया रिमांड पर, उगलेगा राज

6 जुलाई को बंटी यादव का पटना जंक्शन स्थित टाटा पार्क के पास से कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया था। घटना के पांच दिन बाद 11 जुलाई को उसका शव अथमलगोला इलाके से बरामद हुआ।

Patna Bunty Yadav Murder Case - फोटो : news4nation

Banty Yadav Murder Case :  राजधानी पटना के चर्चित बंटी यादव हत्याकांड में पुलिस जांच लगातार आगे बढ़ रही है। मामले के नामजद आरोपी सोनू को कोतवाली थाना पुलिस ने 48 घंटे की रिमांड पर लिया है। पुलिस अब उससे हत्या की साजिश, वारदात में शामिल अन्य आरोपियों और घटना से जुड़े अहम पहलुओं पर पूछताछ कर रही है। सोनू पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र के चांगर का रहने वाला बताया जाता है।


जानकारी के अनुसार, सोनू ने अदालत में आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद पुलिस ने उसे रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट से अनुमति मांगी, जिसे मंजूरी मिलने के बाद मेडिकल जांच कराकर विशेष पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया।


इससे पहले इसी मामले के मुख्य आरोपी और कुख्यात अपराधी रवीश उर्फ बीसिया को 16 जुलाई को बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। एलएनटी घाट से पूरब बांस घाट जाने वाले कच्चे रास्ते पर हुई कार्रवाई में आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया।


पुलिस के मुताबिक, बंटी यादव हत्याकांड के बाद से फरार चल रहे रवीश के पटना लौटने की सूचना मिली थी। इसी आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया था। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने सरकारी टीम पर गोलियां चलाईं, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।


गौरतलब है कि 6 जुलाई को बंटी यादव का पटना जंक्शन स्थित टाटा पार्क के पास से कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया था। घटना के पांच दिन बाद 11 जुलाई को उसका शव अथमलगोला इलाके से बरामद हुआ। शव की पहचान करना मुश्किल था, क्योंकि चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे और शरीर पर भी कई गहरे जख्म मिले थे।


इस सनसनीखेज हत्याकांड में रवीश उर्फ बीसिया को मुख्य आरोपी बनाया गया है। अब सोनू की रिमांड के दौरान होने वाली पूछताछ से पुलिस को हत्या की पूरी साजिश, घटना में शामिल अन्य लोगों और अपराध के पीछे की वजहों का पता चलने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

रंजीत की रिपोर्ट