Patna Crime: मॉल घुमाने के बहाने दोस्त ने किया युवती से दुष्कर्म , भरोसे का हुआ कत्ल

Patna Crime: युवक ने छात्रा को मॉल घुमाने का बहाना बनाकर कॉलेज के पास से अपने साथ ले गया। इसके बाद वह बातों में उलझाकर उसे बाईपास इलाके में स्थित एक कमरे में ले गया, जहां कथित तौर पर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया।...

छात्रा से दुष्कर्म - फोटो : social Media

Patna Crime: पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला कॉलेज की नाबालिग छात्रा के साथ कथित तौर पर झांसा देकर दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। पीड़िता स्नातक प्रथम वर्ष की छात्रा बताई जा रही है। घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपित युवक छात्रा का पहले से परिचित था और दोनों के बीच दोस्ती भी थी। आरोप है कि शुक्रवार को युवक ने छात्रा को मॉल घुमाने का बहाना बनाकर कॉलेज के पास से अपने साथ ले गया। इसके बाद वह बातों में उलझाकर उसे बाईपास इलाके में स्थित एक कमरे में ले गया, जहां कथित तौर पर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया।

घटना के बाद नाबालिग छात्रा ने हिम्मत जुटाकर पूरी आपबीती अपने परिजनों को बताई। इसके बाद परिजन शास्त्रीनगर थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।

पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपित युवक पहले से छात्रा के संपर्क में था और इसी परिचय व भरोसे का फायदा उठाकर उसने कथित रूप से घटना को अंजाम दिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चूंकि मामला नाबालिग से जुड़ा है, इसलिए पुलिस संवेदनशीलता के साथ पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

रिपोर्ट- अनिल कुमार