Bihar officer black money: ब्लैक मनी का किंग निकला भ्रष्ट रजिस्ट्रार, अब तक 10 करोड़ की दौलत का खुलासा, ड्राइवर के नाम पर खरीदी गईं लग्जरी स्कॉर्पियो

Bihar officer black money: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच सुपौल के जिला अवर निबंधक अमरेंद्र कुमार की काली कमाई का ऐसा राजफाश हुआ है, जिसने पूरे महकमे में सनसनी फैला दी है।...

बिहार के अफसर की काली कमाई उजागर- फोटो : reporter

Bihar officer black money: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच सुपौल के जिला अवर निबंधक अमरेंद्र कुमार की काली कमाई का ऐसा राजफाश हुआ है, जिसने पूरे महकमे में सनसनी फैला दी है। आर्थिक अपराध इकाई  ने बुधवार को पटना, सुपौल और सारण समेत पांच ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की, जहां से करोड़ों की बेहिसाब दौलत, सोने के बिस्किट, लग्जरी गाड़ियां और आलीशान प्रॉपर्टी के दस्तावेज बरामद हुए।

EOU की तफ्तीश में खुलासा हुआ कि अमरेंद्र कुमार ने अपनी गृहिणी बीवी नीता कुमारी के नाम पर पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी की पॉश सोसाइटी में करीब 25 कट्ठा जमीन खरीदी थी। कागजों में इसकी कीमत चार करोड़ रुपये दिखाई गई, लेकिन जांच एजेंसी का दावा है कि असल बाजार कीमत छह करोड़ रुपये से ज्यादा है। इतना ही नहीं, इस जमीन की घेराबंदी पर भी करीब एक करोड़ रुपये पानी की तरह बहाए गए। जांच एजेंसी को पेमेंट से जुड़े कई अहम सबूत हाथ लगे हैं।

छापेमारी में पटना के आशियाना-दीघा रोड स्थित राज अपार्टमेंट में खरीदे गए आलीशान फ्लैट का भी खुलासा हुआ। 65 लाख रुपये में खरीदे गए इस फ्लैट की इंटीरियर सजावट पर ही करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। वहीं सोनपुर में सास गायत्री देवी के नाम पर जमीन खरीदने के दस्तावेज भी मिले हैं।

EOU सूत्रों के मुताबिक अमरेंद्र कुमार ने अपनी काली कमाई को छिपाने के लिए नया खेल खेला। 2023 और 2024 मॉडल की दो स्कॉर्पियो अपने ड्राइवर के नाम पर खरीद डालीं। इन गाड़ियों पर करीब 42 लाख रुपये खर्च किए गए। अब एजेंसी ड्राइवर को भी पूछताछ के लिए तलब करने की तैयारी में है।

रेड के दौरान दो गोल्ड बिस्किट समेत करीब 1.25 करोड़ रुपये के जेवरात, बीमा पॉलिसियां, म्यूचुअल फंड निवेश और बैंक खातों में भारी रकम का खुलासा हुआ। शुरुआती जांच में उनकी ज्ञात आय से 65 फीसदी अधिक संपत्ति मिलने के बाद केस दर्ज किया गया था। अब EOU को शक है कि इस ‘काली कमाई’ का नेटवर्क और भी बड़ा हो सकता है।