Patna Crime News: पटना में घर में घुसकर अपराधियों ने सिर में दागी गोली, इलाके में दहशत
Patna Crime News: पटना में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। ...
Patna Crime News: पटना में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। बिहटा थाना क्षेत्र के सिमरी गांव में बेखौफ बदमाशों ने घर में घुसकर एक ड्राइवर की गोली मारकर हत्या कर दी। बाइक सवार दो अपराधियों ने दरवाजा खुलवाया और सामने आते ही युवक के सिर में गोली दाग दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मृतक का मोबाइल लेकर फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान 32 वर्षीय इरफान इमाम उर्फ कल्लू के रूप में हुई है। वह पिछले दो वर्षों से सिमरी गांव में किराये के मकान में अपनी पत्नी नेहा प्रवीण और दो बच्चों के साथ रह रहा था। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 11:30 बजे बाइक सवार दो युवक उसके घर पहुंचे। दोनों ने दरवाजा खुलवाया। जैसे ही इरफान बाहर आया, एक बदमाश ने उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक इरफान की मौत हो चुकी थी। वारदात के बाद अपराधी उसका मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। घटनास्थल से पुलिस को एक खोखा भी बरामद हुआ है।
पत्नी का दावा- साजिश के तहत की गई हत्या
घटना के वक्त इरफान की पत्नी अपने छोटे बेटे के साथ मायके गई हुई थी। घर में केवल बड़ा बेटा मौजूद था, जो वारदात के दौरान सो रहा था। मृतक की पत्नी नेहा प्रवीण ने हत्या के पीछे साजिश की आशंका जताई है। उनका कहना है कि करीब एक महीने पहले भी उनके पति पर फायरिंग की गई थी। उस वक्त वे लोग भोजपुर जिले से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। पत्नी के इस बयान के बाद हत्या की पुरानी घटना से कनेक्शन की आशंका भी जांच के दायरे में आ गई है।
FSL टीम करेगी जांच, पुलिस खंगाल रही हत्या की वजह
घटना की सूचना मिलते ही बिहटा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया। थाना प्रभारी अमित कुमार के मुताबिक, स्थानीय ग्रामीणों से इरफान की हत्या की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है।
फिलहाल हत्या की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक की पत्नी और अन्य परिजनों से पूछताछ कर रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर एक महीने पहले हुई फायरिंग के बावजूद इरफान की सुरक्षा को लेकर क्या कदम उठाए गए थे और इस सनसनीखेज हत्या के पीछे कौन लोग हैं? पुलिस की तफ्तीश से ही इस खूनी वारदात का राज खुल सकेगा।
ब्यूरो रिपोर्ट