Patna Crime: मोकामा विधायक अनंत सिंह के घर के पास मिला संदिग्ध शख्स का शव, पटना के VVIP इलाके में लाश मिलने से सनसनी

Patna Crime: पटना के सबसे संवेदनशील और VVIP इलाकों में से एक सचिवालय थाना क्षेत्र में संदिग्ध हालत में शव मिलने से हड़कंप मच गया।

अनंत सिंह के घर के पास मिला संदिग्ध शख्स का शव- फोटो : reporter

Patna Crime:  पटना के सबसे संवेदनशील और VVIP इलाकों में से एक सचिवालय थाना क्षेत्र में संदिग्ध हालत में शव मिलने से हड़कंप मच गया। राजधानी के उस इलाके में जहां सुरक्षा का कड़ा पहरा रहता है, वहां अज्ञात व्यक्ति की लाश बरामद होने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। घटना की सूचना मिलते ही सचिवालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। मोकामा विधायक के घर से कुछ दूरी पर शव मिलने से हड़कंप मचा हुआ है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल यानी फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की कवायद शुरू कर दी है, ताकि मौत के पीछे छिपे रहस्य से पर्दा उठाया जा सके। शव की स्थिति और आसपास मिले सुरागों के आधार पर पुलिस हर एंगल से तफ्तीश में जुटी है।

मौके पर सचिवालय SDPO-1 डॉ. अनु कुमारी भी पहुंचीं और जांच की निगरानी की। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और यह भी साफ नहीं हो सका है कि यह हादसा है, आत्महत्या या फिर किसी साजिश के तहत अंजाम दिया गया अपराध।

VVIP जोन में शव मिलने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब मृतक की पहचान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर मामले की गुत्थी सुलझाने की कोशिश कर रही है। हर पहलू को खंगाला जा रहा है ताकि इस रहस्यमयी मौत के पीछे की असली कहानी सामने आ सके।

रिपोर्ट- रंजीत कुमार