Patna crime: सोने की बड़ी खेप का भंडाफोड़, मोजे में छिपाकर ले जा रहा था करीब 3 करोड़ का सोना
Patna crime: पटना जंक्शन पर राजस्व खुफिया निदेशालय की टीम ने सोने की तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है।
Patna crime: पटना जंक्शन पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की टीम ने सोने की तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस के जनरल कोच में छापेमारी कर टीम ने एक कथित कैरियर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 1 किलो 700 ग्राम सोने के 10 बिस्किट बरामद किए गए हैं। जब्त सोने की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2.70 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नितिन आनंदा के रूप में हुई है। वह महाराष्ट्र के सांगली जिले का रहने वाला बताया गया है। डीआरआई के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर सोने की खेप लेकर दिल्ली जा रहा था। उसने तस्करी के तरीके को छिपाने के लिए सोने के बिस्किटों को अपने दोनों पैरों के मोजों के भीतर टेप और कपड़े की मदद से बांध रखा था।
गुप्त सूचना के बाद डीआरआई की टीम ने पटना जंक्शन पर घेराबंदी की और संदिग्ध यात्री को दबोच लिया। इसके बाद उसकी शारीरिक तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोजों के भीतर छिपाकर रखे गए सोने के बिस्किट बरामद हुए। बरामदगी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर उससे खेप के स्रोत और संभावित नेटवर्क को लेकर पूछताछ की गई।
डीआरआई को पहले से सूचना मिली थी कि पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे रूट से एक कैरियर ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस के जरिए सोने की खेप लेकर दिल्ली जा रहा है। खुफिया इनपुट में यह भी जानकारी थी कि बरामद सोना दिल्ली के एक कारोबारी तक पहुंचाया जाना था। इसी सूचना के आधार पर एजेंसी ने निगरानी और कार्रवाई का जाल बिछाया।
तस्करी के इस तरीके ने जांच एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। करोड़ों रुपये मूल्य की सोने की खेप को मोजों में छिपाकर रेल यात्रा के जरिए ले जाने की कोशिश की गई। डीआरआई अब यह पता लगाने में जुटी है कि सोना कहां से आया था, इसे किसने उपलब्ध कराया और दिल्ली में इसकी डिलीवरी किसे की जानी थी।
पूछताछ और प्रारंभिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। अब जांच एजेंसी कथित तस्करी नेटवर्क के दूसरे किरदारों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। बरामद सोने की कीमत और खेप की संभावित डिलीवरी को देखते हुए मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। आगे की जांच में सोने की तस्करी से जुड़े नेटवर्क और उसके वित्तीय लेनदेन से संबंधित और जानकारी सामने आने की संभावना है।
ब्यूरो रिपोर्ट