Patna Crime News: पटना में नशा और चोरी का खौफनाक जाल! ई-रिक्शा से चल रहा था नशे का धंधा, पुलिस ने इंजेक्शन, हथियार और चोरी की बाइकों का किया बड़ा खुलासा

Patna Crime News: राजधानी पटना के पूर्वी इलाके में एक बार फिर अपराध की काली दुनिया का भंडाफोड़ हुआ है।...

पटना में नशा और चोरी का खौफनाक जाल!- फोटो : social Media

Patna Crime News: राजधानी पटना के पूर्वी इलाके में एक बार फिर अपराध की काली दुनिया का भंडाफोड़ हुआ है। सुल्तानगंज, मालसलामी और अगमकुआं थाना क्षेत्रों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे के इंजेक्शन, अवैध हथियार और चोरी की बाइकों के साथ 10 कुख्यात अपराधियों को धर दबोचा है। इस पूरे ऑपरेशन के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

परिचय कुमार ने बताया कि सुल्तानगंज थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में ई-रिक्शा के जरिए नशीली दवाओं और इंजेक्शनों की अवैध सप्लाई की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने गहरुआ टोला के पास घेराबंदी कर ई-रिक्शा को रोककर तलाशी ली। मौके से राहुल कुमार और विक्की कुमार को नशीली सुई के साथ गिरफ्तार किया गया।

इन दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस को बड़े नेटवर्क का सुराग मिला। इसके आधार पर मलेरिया ऑफिस के पास स्थित मॉल 99 के सामने से सूर्य उर्फ अभिषेक और विशाल को भी नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ आगे बढ़ी तो पीरबहोर इलाके में छापेमारी कर अफजल और मोहम्मद राजू को पकड़ा गया, जिनके पास से एक पिस्टल, 4 जिंदा कारतूस, भारी मात्रा में नशीली सुइयां और नकदी बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक कुल बरामदगी में 340 एविल इंजेक्शन, 117 बुप्रेनोरफिन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन, 19 स्मार्टफोन, 13 कीपैड मोबाइल, एक ई-रिक्शा और करीब 29,420 रुपये नकद शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह मोबाइल फोन के जरिए नशे के इंजेक्शन की सप्लाई करता था और पूरे शहर में एक संगठित नेटवर्क की तरह काम कर रहा था।

इसी कार्रवाई के दौरान अगमकुआं और मालसलामी इलाके में भी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की। यहां से चार अपराधियों को चोरी की आठ बाइक और तीन स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों में मोहम्मद अफरीदी, राहुल कुमार, ओम कुमार और छोटू कुमार ठठेरा शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मोहम्मद अफरीदी के खिलाफ अगमकुआं और आलमगंज थाने में चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। राहुल कुमार का खाजेकला और अगमकुआं में आपराधिक इतिहास है, जबकि छोटू कुमार ठठेरा और ओमप्रकाश भी पहले से ही कई मामलों में संलिप्त पाए गए हैं।

पूरे मामले ने पटना पुलिस को अलर्ट मोड पर ला दिया है। शुरुआती जांच में यह संकेत मिले हैं कि यह गिरोह नशे और चोरी के वाहनों के जरिए शहर में एक बड़ा क्रिमिनल नेटवर्क चला रहा था। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।