Patna Crime: फर्जी निगरानी अधिकारी बन 40 से अधिक इंजीनियरों को धमकाया, EoU ने जाल में ऐसे फंसा शातिर, हुआ खेल का पर्दाफाश

Patna Crime: बिहार में सरकारी अफसरों को निगरानी विभाग की कार्रवाई का खौफ दिखाकर रुपये ऐंठने वाले एक शातिर युवक को आर्थिक अपराध इकाई ने गिरफ्तार किया है।...

फर्जी निगरानी अधिकारी धराया- फोटो : social Media

Patna Crime: बिहार में सरकारी अफसरों को निगरानी विभाग की कार्रवाई का खौफ दिखाकर रुपये ऐंठने वाले एक शातिर युवक को आर्थिक अपराध इकाई  ने गिरफ्तार किया है। महज 20 साल का निहाल कुमार राय खुद को निगरानी विभाग का अधिकारी बताकर इंजीनियरों और कार्यपालक अभियंताओं को फोन करता था। वह उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिलने का डर दिखाता और कार्रवाई से बचने के नाम पर दो लाख रुपये की मांग करता था। जांच एजेंसी के मुताबिक, अब तक 40 से अधिक इंजीनियर उसके निशाने पर आ चुके हैं।निहाल मूल रूप से गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र स्थित पचफेरा गांव का निवासी है। फिलहाल वह पटना के गर्दनीबाग में रह रहा था। EOU के अनुसार, वह भवन निर्माण निगम में पेटी कॉन्ट्रैक्टर का काम करता था। पूछताछ में उसने कई अभियंताओं से इसी तरीके से रुपये वसूलने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इस फर्जीवाड़े का खुलासा कटिहार के बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, सलमारी में तैनात कार्यपालक अभियंता कृपानाथ चन्द्र विश्वास की शिकायत के बाद हुआ। उन्होंने EOU को बताया कि 6 नवंबर को उनके मोबाइल पर एक अनजान शख्स का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को निगरानी विभाग का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिली है।आरोपित ने मामले को रफा-दफा कराने के एवज में दो लाख रुपये लेकर पटना आने को कहा। उसने दावा किया कि रकम देने पर शिकायत की प्रति उपलब्ध करा दी जाएगी और कार्रवाई रुकवा दी जाएगी। साथ ही पटना नहीं आने पर छापेमारी की धमकी भी दी। अगले दिन दोबारा फोन कर विकास भवन के पास रुपये लेकर पहुंचने का दबाव बनाया गया।

लगातार धमकी और अवैध वसूली की कोशिश से परेशान अभियंता ने EOU में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 32/26 के तहत मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू हुई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस निहाल तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।जांच के दौरान निहाल के मोबाइल से अधिकारियों को भेजे गए धमकी भरे संदेश, निगरानी इकाई के साइन बोर्ड और वरीय अफसरों की नेम प्लेट की तस्वीरें मिली हैं। अलग-अलग विभागों के अभियंताओं और सरकारी अधिकारियों के मोबाइल नंबरों के स्क्रीनशॉट भी बरामद हुए हैं। इसके अलावा बिपार्ड के सहायक निदेशक के हस्ताक्षर से जारी रिशु कुमार के नाम का एक पहचान पत्र भी मिला है। उसकी प्रामाणिकता की जांच की जा रही है।

EOU अब यह पता लगाने में जुटी है कि निहाल अकेले इस गोरखधंधे को अंजाम दे रहा था या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है। उसके संपर्क में रहने वाले लोगों, मोबाइल नंबरों और अधिकारियों की निजी जानकारी हासिल करने के स्रोतों की पड़ताल की जा रही है। जांच एजेंसी को आशंका है कि इस भयादोहन का दायरा सामने आए मामलों से कहीं अधिक हो सकता है।

ब्यूरो रिपोर्ट