Patna Crime:पटना में धांय- धांय, बेखौफ बदमाशों का खूनी तांडव, फल कारोबारी को मारी गोली, दहशत में इलाका

Patna Crime:पटना में बेखौफ बदमाशों ने एक बार फिर दिनदहाड़े खूनी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी।

पटना में बेखौफ बदमाशों का खूनी तांडव- फोटो : social Media

Patna Crime: राजधानी पटना में अपराधियों का दुस्साहस थमने का नाम नहीं ले रहा है। बेखौफ बदमाशों ने एक बार फिर दिनदहाड़े खूनी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। बहादुरपुर थाना क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने एक फल कारोबारी को गोली मार दी और फायरिंग के बाद मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फल कारोबारी अपने काम में व्यस्त था, तभी पहले से घात लगाए बदमाश वहां पहुंचे और बिना किसी कहासुनी के उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही कारोबारी लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई, जबकि हमलावर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घायल कारोबारी को तत्काल इलाज के लिए पीएमसीएच ले गए, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। फिलहाल उसकी हालत को लेकर चिकित्सक लगातार नजर बनाए हुए हैं।

इधर, वारदात की खबर मिलते ही बहादुरपुर थाना पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया, आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि फरार हमलावरों की पहचान की जा सके।

प्रारंभिक जांच में पुलिस सभी पहलुओं रंजिश, रंगदारी, कारोबारी विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर तहकीकात कर रही है। फिलहाल हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।लगातार हो रही गोलीबारी और संगीन वारदातों ने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
रिपोर्ट- रंजीत कुमार