Patna Encounter: पटना में मरीन ड्राइव पर बड़ी मुठभेड़, बंटी यादव हत्याकांड का आरोपी रवीश उर्फ बीसी पुलिस एनकाउंटर में घायल

Bihar Encounter: पटना में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ पटना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। चर्चित बंटी यादव हत्याकांड के मुख्य आरोपी रवीश कुमार उर्फ 'बीसी' को पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। इस एनकाउंटर में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र की है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दीघा-एम्स मरीन ड्राइव के समीप गंगा किनारे कच्ची सड़क के पास कुछ शातिर अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने या शहर से फरार होने की फिराक में जुटे हैं। सूचना के आधार पर पटना पुलिस की विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी।

पुलिस को देखते ही चलाई गोलियां

खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपी रवीश कुमार उर्फ बीसी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ और अपराधी को पकड़ने के लिए पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई कई राउंड फायरिंग के बाद पुलिस की एक गोली रवीश के पैर में लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया, जबकि उसके कुछ साथी अंधेरे और भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

अस्पताल में कराया गया भर्ती

मुठभेड़ के तुरंत बाद पटना पुलिस ने घायल अपराधी रवीश उर्फ बीसी को अभिरक्षा में लिया और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल (पीएमसीएच) भेजा, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी की स्थिति अब खतरे से बाहर है।

इस बड़ी कामयाबी के बाद पुलिस प्रशासन मरीन ड्राइव और आसपास के इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है ताकि फरार अपराधियों को भी जल्द से जल्द पकड़ा जा सके। बंटी यादव हत्याकांड में इस एनकाउंटर को पटना पुलिस की एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

रिपोर्ट - रंजीत 

कुमार