Patna crime news: सुबह सुबह राजधानी में दहला देने वाली वारदात, घर में घुसकर दंपति पर जानलेवा हमला, इलाके में दहशत
Patna Crime:पटना में शनिवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक घर के भीतर घुसकर बेखौफ अपराधियों ने दंपति पर बेरहमी से हमला कर दिया।...
Patna Crime: राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र के अशोक राजपथ स्थित लालबाग इलाके में शनिवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक घर के भीतर घुसकर बेखौफ अपराधियों ने दंपति पर बेरहमी से हमला कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, हमले में नवाज आलम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी नाजिया परवीन गंभीर रूप से घायल हैं और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावर तड़के सुबह घर में घुसे और धारदार हथियार से दोनों पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे पूरा घर खून से सन गया।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल फैल गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह-सुबह अचानक चीख-पुकार सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो अंदर का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। दंपति खून से लथपथ हालत में पड़े थे।
सूचना मिलते ही पीरबहोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेराबंदी में ले लिया। घायल नाजिया परवीन को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
पुलिस के अनुसार, हमलावरों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है और मामला पूरी तरह संदिग्ध और योजनाबद्ध हमले की ओर इशारा कर रहा है। घर में घुसकर की गई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है और घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि हमले के पीछे पुरानी रंजिश या आपसी विवाद हो सकता है, हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गुस्सा और डर दोनों का माहौल है। लोगों का कहना है कि राजधानी के बीचों-बीच इस तरह घर में घुसकर हत्या और हमला होना कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। वहीं, पूरे इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। यह वारदात न सिर्फ एक परिवार को उजाड़ गई, बल्कि राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को भी कटघरे में खड़ा कर गई है।
रिपोर्ट- अनिल कुमार