पटना पुलिस के हत्थे चढ़ा कुख्यात अपराधी राजा, लूट-छिनतई-आर्म्स एक्ट के कई मामलों का आरोपी गिरफ्तार
Patna Police:पटना में लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी सौरभ घोष उर्फ राजा को पुलिस ने आखिरकार दबोच लिया। ....
Patna Police:पटना में लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी सौरभ घोष उर्फ राजा को पुलिस ने आखिरकार दबोच लिया। पटना पुलिस की DIU (जिला आसूचना इकाई) टीम की सहायता से रूपसपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर उसकी गिरफ्तारी की गई। आरोपी के खिलाफ राजधानी के कई थानों में लूट, छिनतई, चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी को पटना पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ घोष उर्फ राजा, पिता शंभू घोष, निवासी सैदपुर खटाल गली, कदमकुआं थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह लंबे समय से फरार चल रहा था और लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था। उसकी तलाश में कई दिनों से पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सौरभ घोष का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ कदमकुआं थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। वहीं अगमकुआं थाना में आर्म्स एक्ट और लूट (धारा 392) के दो अलग-अलग मामले दर्ज हैं। इसके अलावा पीरबहोर थाना में चोरी और चोरी का सामान रखने से जुड़ा मामला भी उसके खिलाफ दर्ज है।हाल के दिनों में रूपसपुर थाना में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत दो संगीन मामले दर्ज किए गए थे। वहीं कंकड़बाग थाना में भी उसके खिलाफ आपराधिक कांड दर्ज है। इस तरह आरोपी पर राजधानी के आधा दर्जन से अधिक थानों में गंभीर आपराधिक मुकदमे लंबित हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि उसके साथ और कौन-कौन अपराधी जुड़े हुए हैं तथा हाल के दिनों में हुई वारदातों में उसकी क्या भूमिका रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।पटना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। सौरभ घोष उर्फ राजा की गिरफ्तारी को राजधानी में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान की एक अहम सफलता माना जा रहा है।
रिपोर्ट- अनिल कुमार