Patna Crime: पटना में स्मैक तस्करों पर पुलिस ने कसा शिकंजा, नकदी और मोबाइल के साथ भारी मात्रा में स्मैक बरामद, गिरोह के नेटवर्क की तलाश तेज

Patna Crime: पटना में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित स्मैक तस्करी से जुड़े चार लोगों को दबोच लिया।....

Patna Crime: पटना  में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित स्मैक तस्करी से जुड़े चार लोगों को दबोच लिया। गुप्त मुखबिरी के आधार पर के फुलवारीशरीफ के टमटम पड़ाव इलाके में की गई ताबड़तोड़ छापेमारी के दौरान पुलिस ने 60 पुड़िया स्मैक, तीन मोबाइल फोन और 3,600 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस का मानना है कि बरामद नकदी मादक पदार्थों की कथित बिक्री से हासिल की गई रकम हो सकती है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक कुमार, रत्नेश कुमार और मंगल कुमार शामिल हैं। इनके अलावा एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है। सभी से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है ताकि नशे के इस कथित नेटवर्क की पूरी कड़ी का खुलासा किया जा सके।

फुलवारीशरीफ पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी-1 सुशील कुमार के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि टमटम पड़ाव के आसपास स्मैक की अवैध बिक्री की जा रही है। इसके बाद एक विशेष टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। पुलिस को देखते ही संदिग्ध भागने लगे, लेकिन पहले से की गई घेराबंदी के चलते सभी को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

जांच एजेंसियां अब जब्त किए गए मोबाइल फोन की डिजिटल पड़ताल कर रही हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित स्मैक की खेप कहां से लाई जाती थी, किन लोगों तक पहुंचाई जाती थी और इस धंधे में कौन-कौन शामिल है। मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के जरिए पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून के शिकंजे से कोई भी आरोपी बच नहीं सकेगा। फिलहाल मामले में कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है और फरार या संदिग्ध सहयोगियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

रिपोर्ट- रंजीत कुमार