Patna murder case: पटना में राजा पुल मर्डर मिस्ट्री, गली से घसीट कर लाई गई मौत, CCTV फुटेज के बाद केस ने पकड़ा तूल, पुलिस जांच तेज

Patna murder case: पटना के बुद्ध कॉलोनी थाना इलाके में शंकर चौहान की मौत एक उलझी हुई क्राइम स्टोरी बन चुका है, जिसमें हर एंगल से शक की सुई घूम रही है।

राजा पुल मर्डर मिस्ट्री- फोटो : social Media

Patna murder case: पटना के बुद्ध कॉलोनी थाना इलाके में उस वक्त खौफ और सन्नाटा छा गया, जब राजा पुल के पास सड़क किनारे एक युवक की लाश बरामद हुई। मृतक की पहचान मानपुर निवासी 31 वर्षीय शंकर चौहान के तौर पर हुई है। मामला अब महज एक मौत नहीं, बल्कि एक उलझी हुई क्राइम स्टोरी बन चुका है, जिसमें हर एंगल से शक की सुई घूम रही है।

घटना का जो CCTV फुटेज सामने आया है, उसने इस केस को और भी संगीन बना दिया है। फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि 5-6 संदिग्ध लोग शंकर चौहान के पीछे-पीछे गली से निकलते दिख रहे हैं। अंदेशा जताया जा रहा है कि इन ही लोगों ने शंकर के साथ मारपीट की, जिसके बाद उसकी जान चली गई। पुलिस अब इन संदिग्धों की पहचान में जुटी है और टेक्निकल सर्विलांस के जरिए हर कड़ी जोड़ने की कोशिश कर रही है।

SDPO लॉ एंड ऑर्डर कृष्ण मुरारी प्रसाद के मुताबिक, मृतक का आपराधिक बैकग्राउंड भी रहा है। शंकर पहले चोरी के मामलों में पटना और दानापुर थाने से तीन बार जेल जा चुका था और नशे का भी आदी बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि संभवतः हमलावरों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और फिर उसे बेसहारा छोड़ दिया। दीवार से टकराने और गिरने की बात भी सामने आ रही है, लेकिन असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगी।

वहीं, इस पूरे मामले में मृतक की पत्नी अर्चना देवी का बयान दिल दहला देने वाला है। उनका कहना है, अगर उसने कोई गलती की भी थी, तो कानून सजा देता, लेकिन इस तरह मारकर फेंक देना कौन सा इंसाफ है? उन्होंने बताया कि सुबह रोज की तरह शंकर चाय पीने निकले थे, लेकिन कुछ घंटों बाद उनकी मौत की खबर आ गई।

परिवार पर अब दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दो छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ चुका है। अर्चना देवी न्याय की गुहार लगा रही हैं अब देखना ये है कि पुलिस इस ‘मौत की गुत्थी’ को कब तक सुलझा पाती है और हकीकत का पर्दाफाश कब होता है।