Bihar Crime: पटना में कटा हुआ पैर और जली हड्डियां बरामद, मर्डर मिस्ट्री से दहला इलाका, जांच शुरू
Bihar Crime: सबसे पहले नहर किनारे एक कटा हुआ पैर देखा गया, जिसकी हालत बेहद खौफनाक थी। ऐसा लग रहा था मानो उसे बेरहमी से काटा या नोचा गया हो।
Bihar Crime: राजधानी पटना से सटे दानापुर के चूल्हाई चक नहर के पास उस वक्त खौफनाक मंजर सामने आया, जब एक इंसानी कटा हुआ पैर बरामद हुआ। इस वारदात की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और लोग दहशत में आ गए। मौके पर जुटी भीड़ के बीच माहौल पूरी तरह सस्पेंस और डर से भर गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सबसे पहले नहर किनारे एक कटा हुआ पैर देखा गया, जिसकी हालत बेहद खौफनाक थी। ऐसा लग रहा था मानो उसे बेरहमी से काटा या नोचा गया हो। लेकिन मामला यहीं नहीं रुका पैर के पास ही कुछ जली हुई मानव हड्डियां भी बरामद हुईं, जिसने इस पूरे केस को और ज्यादा रहस्यमय और सनसनीखेज बना दिया।
लोगों का कहना है कि यह कोई साधारण घटना नहीं, बल्कि किसी जघन्य वारदात की ओर इशारा कर रही है। शक जताया जा रहा है कि किसी व्यक्ति की हत्या कर शव को जलाने की कोशिश की गई होगी। लेकिन जब शव पूरी तरह नहीं जल पाया, तो सबूत मिटाने के लिए शरीर के अंगों को अलग-अलग जगह फेंक दिया गया होगा। इस खूनी खेल की आशंका ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।
हालांकि पुलिस की शुरुआती जांच कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। पुलिस का कहना है कि संभव है कोई जंगली जानवर इस पैर को कहीं और से खींचकर यहां ले आया हो। पैर की हालत देखकर यह भी अंदेशा जताया जा रहा है कि उसे जानवरों ने नोचा हो सकता है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल अभी भी बरकरार है अगर यह सिर्फ जानवरों का काम है, तो पास में जली हुई हड्डियां कैसे पहुंचीं?
यही नहीं, एक और बड़ा सस्पेंस यह है कि जब इंसानी पैर मिल चुका है, तो शरीर का बाकी हिस्सा कहां है? क्या यह किसी सुनियोजित हत्या का हिस्सा है या फिर कोई और राज छुपा है?
फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में छानबीन तेज कर दी गई है। लेकिन इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब मिलना अभी बाकी है। पूरे इलाके में डर और बेचैनी का माहौल है, और हर कोई इस मर्डर मिस्ट्री के खुलासे का इंतजार कर रहा है।