Patna Crime: गोलियों का तड़तड़ाहट से गूंजा पटना, कॉलेज छात्र की हत्या से सनसनी, पुलिस पर भी उठे सवाल

Patna Crime: अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक कॉलेज छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी।...

गोलियों का तड़तड़ाहट से गूंजा पटना- फोटो : reporter

Patna Crime: राजधानी पटना एक बार फिर गोलियों की गूंज से दहल उठी है। अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक कॉलेज छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी। दिदारगंज थाना क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में खौफ और गुस्से का माहौल है। बदमाशों ने छात्र को घर से फोन कर बुलाया और फिर खेत में ले जाकर उसके सीने में गोली दाग दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

मृतक की पहचान कोठियां निवासी राजू यादव के बेटे हर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बीती रात हर्ष खाना खाने के बाद घर पर ही मौजूद था। तभी चार युवकों ने उसे फोन किया। फोन आने के बाद हर्ष उनके साथ चला गया, लेकिन कुछ देर बाद इलाके में गोलियों की आवाज गूंज उठी।

परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपियों ने हर्ष को खेत की ओर ले जाकर बेहद करीब से उसके सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। आनन-फानन में परिजन और पड़ोसी उसे इलाज के लिए एनएमसीएच लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी सांसें थम चुकी थीं।

घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। पिता राजू यादव ने आरोप लगाया कि महमदपुर के चार लोगों ने साजिश के तहत उनके बेटे को फोन कर बुलाया और उसकी हत्या कर दी। उन्होंने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जब स्थानीय थाना को घटना की सूचना दी गई तो जवाब मिला “थाने आकर आवेदन दे दीजिए।” परिवार का आरोप है कि एसपी को फोन करने के बाद करीब दो घंटे बाद पुलिस एनएमसीएच पहुंची।

इस बयान के बाद पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि हत्या जैसे संगीन मामले में अगर पुलिस की प्रतिक्रिया इतनी धीमी रहेगी तो अपराधियों का मनोबल और बढ़ेगा।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर छात्र हर्ष की हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, गैंगवार या कोई अन्य वजह थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

रिपोर्ट- रजनीश कुमार