Patna Crime News: शेरपुर एनकाउंटर मामला में चार थानों में चार केस दर्ज, मनेर के थानेदार समेत 7 पर हत्या का केस
Patna Crime News: पटना मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर में तीन कथित अपराधियों की पुलिस मुठभेड़ में मौत के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है।...
Patna Crime News: पटना मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर में तीन कथित अपराधियों की पुलिस मुठभेड़ में मौत के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। इस घटना को लेकर मनेर, शाहपुर और दानापुर थानों में कुल चार प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पुलिस की कार्रवाई और मुठभेड़ की परिस्थितियों को लेकर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है। वहीं, मृतकों के परिजनों ने पूरे प्रकरण की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग उठाई है।
पुलिस के अनुसार, मनेर थाने में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पहली प्राथमिकी सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार के आवेदन पर दर्ज हुई है। इसमें मुठभेड़ में शामिल पुलिसकर्मियों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। दूसरी प्राथमिकी मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के बयान पर दर्ज की गई है। इसमें मारे गए तीनों आरोपितों के विरुद्ध हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ है।
दोनों प्राथमिकी की जांच की जिम्मेदारी शास्त्रीनगर थानाध्यक्ष प्रभात भारद्वाज को सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त मृतक राजा शर्मा के चाचा अवधेश शर्मा ने शाहपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं, मृतक जयप्रकाश राय की पत्नी पूजा कुमार के आवेदन पर दानापुर थाने में भी मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को देखते ही 24 राउंड फायरिंग का दावा
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार की सुबह मनेर थाना क्षेत्र में गंगा नदी के किनारे जयप्रकाश राय, राजा शर्मा और बबलू यादव को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस को देखते ही तीनों ने कथित तौर पर 24 राउंड गोलियां चलाईं। इस गोलीबारी में मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार की बांह में गोली लग गई।इसके बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 18 राउंड फायरिंग की। इसमें तीनों को गोली लगी। पुलिस उन्हें उपचार के लिए दानापुर अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
एम्स में मेडिकल बोर्ड ने किया पोस्टमार्टम
घटना के बाद तीनों शवों का पोस्टमार्टम पटना एम्स में कराया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार की सुबह करीब तीन बजे मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि चिकित्सकीय प्रक्रिया का आधिकारिक अभिलेख सुरक्षित रखा जा सके।
किन पुलिसकर्मियों पर दर्ज हुई प्राथमिकी
सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार के आवेदन पर दर्ज प्राथमिकी में मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार, एसआई दीपक कुमार, अबु सुफियान, एएसआई अभय कुमार, शेरपुर ओपी प्रभारी एसआई संजय कुमार चौधरी तथा सिपाही दीपक कुमार और रितेश कुमार के नाम शामिल हैं। इसके अतिरिक्त एसटीएफ और पटना डीआईयू की टीम को भी प्राथमिकी में शामिल किया गया है।
तीनों के पास से हथियार और गोलियां बरामद
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ के बाद तीनों के पास से हथियार और कारतूस बरामद किए गए।
जयप्रकाश राय: निवासी ताराचक, दानापुर। एक पिस्टल और तीन गोलियां।
राजा शर्मा उर्फ सूरज कुमार: निवासी गंगाहरा, शाहपुर। एक पिस्टल और तीन गोलियां।
बबलू यादव: निवासी वास्तु विहार कृषि फार्म, शाहपुर। एक देसी कट्टा और तीन गोलियां।
परिजनों ने उठाए सवाल, सीबीआई जांच की मांग
इस पूरे घटनाक्रम के बाद मृतकों के परिवारों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजन चाहते हैं कि मुठभेड़ की परिस्थितियों, पुलिस की जवाबी कार्रवाई और तीनों की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की स्वतंत्र एजेंसी से पड़ताल कराई जाए।चार अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अब इस मामले में पुलिस की भूमिका, कथित गोलीबारी, हथियारों की बरामदगी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट जैसे बिंदु जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण होंगे। फिलहाल इस प्रकरण में निष्पक्ष जांच और सभी तथ्यों के सामने आने का इंतजार है।
ब्यूरो रिपोर्ट