पटना STF का बड़ा धमाका, टॉप-10 मोस्ट वांटेड शिव गोप को किया गिरफ्तार, खूंखार के रसूख को मिट्टी में मिलाया

बिहार एसटीएफ और पटना पुलिस के एक जांबाज जॉइंट ऑपरेशन ने शातिर शिकारी शिव गोप को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।...

पटना का खौफ शिव गोप धराया- फोटो : reporter

Bihar STF: बिहार की राजधानी में आतंक का पर्याय बन चुके और पुलिस की हिट लिस्ट में शुमार कुख्यात अपराधी शिव गोप उर्फ शिव यादव के गुनाहों के साम्राज्य पर पटना STF ने वज्रपात किया है। बिहार एसटीएफ और पटना पुलिस के एक जांबाज जॉइंट ऑपरेशन ने इस शातिर शिकारी को खुद सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। शिव गोप की गिरफ्तारी बिहार पुलिस के लिए एक ऐसी बड़ी फतेह है, जिसकी तलाश पिछले कई महीनों से सरगर्मी से की जा रही थी।

STF की घेराबंदी और अपराधी का सरेंडर

खुफिया तंत्र से मिली पक्की इत्तला ने इस खूंखार अपराधी की उलटी गिनती शुरू कर दी थी। जैसे ही STF को खबर मिली कि पटना का टॉप-10 इनामी बदमाश शिव गोप पटना के किसी ठिकाने पर दस्तक देने वाला है, महकमे ने जाल बिछा दिया। पूरी रणनीति के साथ की गई इस ताबड़तोड़ छापेमारी में शिव गोप को भागने का रत्ती भर भी मौका नहीं मिला। फिलहाल उसे पटना के जक्कनपुर थाने में लाकर पूछताछ की जा रही है।

कत्ल, रंगदारी और किडनैपिंग का काला इतिहास

शिव गोप महज एक नाम नहीं, बल्कि जुर्म की दुनिया का एक ऐसा चेहरा है जिसके खिलाफ राजधानी के अलग-अलग थानों में संगीन मुकदमों की फेहरिस्त दर्ज है। उस पर हत्या , फिरौती के लिए अपहरण और व्यापारियों से मोटी रंगदारी वसूलने जैसे दर्जनों जघन्य कांड दर्ज हैं। इलाके में उसकी दहशत ऐसी थी कि लोग उसके खिलाफ जुबान खोलने से कतराते थे।

बिहार पुलिस का मिशन क्लीन जारी

बिहार एसटीएफ इन दिनों अपराधियों के लिए काल बनी हुई है। हाल के दिनों में कई 'इनामी बदमाशों' को ठिकाने लगाने के बाद, शिव गोप की गिरफ्तारी ने यह साफ कर दिया है कि सूबे में अब बदमाशों की खैर नहीं। शिव गोप की गिरफ्तारी एक बड़ी कामयाबी है, इससे गैंगस्टरों के नेटवर्क की कमर टूटेगी।

शिव गोप के पकड़े जाने से जहां पुलिस ने राहत की सांस ली है, वहीं पटना के गलियारों में चर्चा है कि अब इस सफेदपोश गुंडे के कई राज बेनकाब होंगे। क्या इस गिरफ्तारी के बाद उसके पूरे गिरोह का खात्मा होगा? पुलिस अब इसके बाकी गुर्गों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

रिपोर्ट- कुलदीप भारद्वाज